इंदौर: महंगी शराब और गाड़ियों का शौकीन था सरकारी अधिकारी, फाइव स्टार होटल जैसा बना रखा था घर
प्रदेश के सरकारी दफ्तरों में काम-काज किस तरह होता है इसकी झलक तब मिली जब आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने देवास टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएंडसीपी) के अधिकारी विजय दरयानी के इंदौर स्थिति आवास पर छापेमारी की। इस छापेमारी में सामने आया है कि एक सामान्य वेतन वाला अधिकारी किस तरह आलीशान जिंदगी जी रहा था। दो दिन की कार्रवाई में ईओडब्ल्यू को दरयानी की अभी तक लगभग 10 करोड़ रुपये कीमत की चल और अचल संपत्तियों का पता चला है।
दरयानी ने इंदौर में एक चार चार मंजिला आलीशान मकान बनवा रखा था। इसके साथ ही उसे महंगी शराब और महंगी गाड़ियों का भी शौक था। ईओडब्ल्यू ने जांच में उसके घर से कई महंगी शराब की बोतलें जब्त की हैं। घर की छत पर उसने पार्टी करने के लिए अलग व्यवस्था कर रखी थी। नीते से शराब और बाकी सामान लाने के लिए ट्रॉली लगाई गई थी, जिससे नीचे से सीधे शराब छत पर पहुंच जाती थी। दरयानी के घर में ऐसी सुविधाएं देख ईओडब्ल्यू के अधिकारी भी हैरत में पड़ गए हैं।
दरयानी की आलीशान लाइफस्टायल का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि उसका घर किसी फाइव स्टार होटल से कम नहीं है। यहां तक कि घर में मौजूद नौकरों को देखकर अंजान आदमी इस घर को होटल समझने की भूल कर बैठे। चार मंजिला घर में आठ एसी, बाथरूम में जकूजी, टैरेस गार्डन और इस गार्डन में महंगे बोंसाई पौधे, दरयानी की जीवनशैली के बारे में स्पष्ट बताते हैं। जानकारी के अनुसार इस टैरेस गार्डन में लगे गए एक-एक गमले की कीमत 20 से 25 हजार रुपये तक है।
ईओडब्ल्यू के एसपी दिलीप सोनी ने बताया कि दो दिन की जांच में करीब 10 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है। इसके साथ ही 10 बैंक खातों के बारे में भी पता चला है। ईओडब्ल्यू की टीम उन बैंक खातों की जानकारी निकाल रही है। इसके अलावा रुपयों को रखने के लिए दरयानी ने बैंक खातों के साथ-साथ अपने घर में ही अपनी व्यवस्था भी कर रखी थी। उसकी अलमारी में एक लॉकर मिला है। इस लॉकर के अंदर एक और लॉक मिला है जिसमें से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई है।
करोड़ों की संपत्तियों के साथ-साथ दरयानी के घर से ईओडब्ल्यू ने कई सरकारी फाइलें भी बरामद की हैं। इसके अलावा यहां से कुछ अधिकारियों की सील भी मिली है। ईओडब्ल्यू अधिकारियों का अंदेशा है कि दरयानी घर में ही ये सील लगा देता था और कह देता था कि अधिकारी से बात हो चुकी है। माना जा रहा है कि अब इस मामले में कुछ और अधिकारियों के नाम भी सामने आ सकते हैं। इसके साथ ही दरयानी के भूमाफियाओं और बड़े निर्माताओं से संबंध की जांच भी शुरू कर दी गई है।
