MP: आगर मालवा में सबसे ज्यादा तो अलीराजपुर में सबसे कम वोटिंग, जानें ज्यादा महिला मतदाताओं वाले जिलों का हाल
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
मध्य प्रदेश में शुक्रवार को सभी 230 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ। शाम पांच बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 71.16 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही राज्य के चुनाव मैदान में उतरे सभी 2534 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। अब 3 दिसंबर को पता चलेगा कि जनता ने किसे चुना। आइये विस्तार से जानते हैं दोनों राज्य के मतदान के आंकड़ों को...
राज्य में कैसा रहा मतदान?
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान खत्म हो गया है। शाम पांच बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, 71.16 प्रतिशत मतदान हुआ। इससे पहले तीन बजे तक 60.52 प्रतिशत मतदान हुआ था। सुबह 11 बजे तक राज्य में 27.62 फीसदी वोटिंग हुई। सुबह नौ बजे तक 11 फीदस मतदान हुआ था।
किन जिलों में सबसे ज्यादा और कहां कम मतदान हुआ?
मध्यप्रदेश में सबसे अधिक आगर मालवा में 82 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं सबसे कम अलीराजपुर में 56.24% वोट पड़े। इसके अलावा प्रमुख क्षेत्रों की बात करें तो भोपाल में 59.19%, इंदौर में 64.95%, ग्वालियर में 61.64%, जबलपुर में 66.24%, रतलाम में 80.02% और उज्जैन जिले में 73.37% मतदान हुआ।
ज्यादा महिला मतदाताओं वाले जिलों में क्या हुआ?
- प्रदेश के 52 में से सात जिले ऐसे हैं जहां पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। डिंडोरी में जहां 2,56,182 पुरुष वोटर हैं तो वहीं महिला मतदाता 2,58,166 हैं। पिछली बार जिले में 79.49% मतदान हुआ था। यह आंकड़ा इस बार 78.30% रिकॉर्ड किया गया।
- मंडला में 3,90,312 पुरुष और 4,00,672 महिला मतदाता हैं। 2018 में जिले में 78.77% वोट पड़े थे, जो अबकी बार 71.52% तक पहुंच गया।
- बालाघाट में पुरुष मतदाता 6,66,537 और महिला मतदाता 6,78,232 हैं। यहां पिछली बार 81.27% वोट पड़े थे, जो इस बार 79.78 हो गया।
- बड़वानी में 5,33,594 पुरुषों के मुकाबले 5,35,580 महिला मतदाता हैं। 2018 में यहां कुल मतदान 77.97% था, जो इस बार 70.36 हो गया।
- अलीराजपुर में पुरुष मतदाता 2,80,880 और 2,85,347 महिला मतदाता हैं। पिछले चुनाव में यहां 60.69% लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। इस बार अलीराजपुर में 56.24% मतदान दर्ज किया गया है।
- झाबुआ में 4,29,850 पुरुषों के मुकाबले 4,34,553 महिला वोटर हैं। 2018 में यहां 77.10% लोगों ने वोट किया था, जो इस बार 73.10% पहुंच गया।
- वहीं रतलाम में 5,49,361 पुरुष और 5,49,726 महिला मतदाता हैं। पिछली बार जिले में 82.77% मतदान हुआ था,जो इस बार 80.02 हो गया।
2018 में कैसा रहा था मतदान?
2018 में हुए विधानसभा चुनाव के लिए कुल 74.97% लोगों ने वोट डाले थे। इनमें से महिलाओं का वोट प्रतिशत 74.01%, जबकि पुरुषों का 75.84% था। पिछले चुनाव में दो सीटों बदनावर और सैलाना पर सबसे ज्यादा 89% वोट डाले गए थे। इसके बाद अमरवाड़ा में 87.61% लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। इसके अलावा थांदला में 87.50% जबकि सौसर में 87.31% मतदान दर्ज किया था। पिछले चुनाव में सबसे कम मतदान की बात करें तो जोबट सीट पर महज 52.71% लोग ही वोट डालने पहुंचे थे। इसके बाद ग्वालियर पूर्व में 58.01%, भिंड में 58.57%, अम्बा में 59.01% और गोहद में 59.26% वोट डाले गए थे।
क्षेत्रवार मतदान कहां-कैसा था?
क्षेत्रों के हिसाब से मतदान पर नजर डालें तो पिछली बार 38 विधानसभा सीटों वाले महाकौशल इलाके में सबसे ज्यादा 79.09% वोटिंग हुई थी। यहां कुल 74,55,116 मतदाताओं में से 52,30,938 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। ज्यादा मतदान के मामले में 77.79% वोटिंग के साथ 66 सीटों वाला मालवा-निमाड़ दूसरे स्थान पर रहा था। यहां 1,48,87,765 मतदाताओं में से 1,15,81,364 वोट देने मतदान केंद्रों तक पहुंचे थे। तीसरे स्थान पर रहे भोपाल-नर्मदापुरम इलाके में 77.28% लोगों ने वोट डाला था। 36 विधानसभा क्षेत्रों वाले इलाके में 79,90,307 मतदाताओं में से 61,74,945 ने अपना वोट डाला था। चौथे नंबर पर 26 सीटों वाला बुंदेलखंड क्षेत्र था। यहां के 54,43,758 मतदाताओं में से 39,67,596 यानी 72.88% लोगों ने पिछले चुनाव में वोट किया था। पांचवें पायदान पर 30 सीटों वाला विंध्य इलाका था, जहां 64,10,556 वोटरों में से 46,17,157 यानी 72.02% ने मतदान में भाग लिया था। वहीं सबसे कम ग्वालियर-चंबल में मतदान हुआ था। 34 विधायक भेजने वाले क्षेत्र में 74,55,116 मतदाताओं में से 52,30,938 ने वोट डाले थे, जिससे मतदान 70.17% रहा।
