'शिवराज चौहान का परिवार करवा रहा अवैध खनन'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्यप्रदेश के पत्रकार की जलाकर हत्या करने के प्रकरण में प्रदेश की भाजपा सरकार घिरती नजर आ रही है। माना जा रहा है एक हिंदी अखबार के पत्रकार की हत्या अवैध खनन के मुद्दों को उठाने के कारण की गई, इसी मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों ने प्रदेश सरकार पर निशाना साध दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने इस मामले में सीधे सीधे मुख्यमंत्री शिवराज चौहान पर उंगली उठा दी है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का पूरा परिवार अवैध खनन के धंधे में लिप्त है।
उनके चाचा और भाई की सरपरस्ती में ही अवैध खनन किया जा रहा है। इसका विरोध करने वाले या इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों को यूं ही मौत के घाट उतार दिया जाता है। इससे पहले भी अवैध खनन के गोरखंधधे में कई लोगों की हत्या हो चुकी है।
दिग्विजय ने साधा मुख्यमंत्री पर निशाना
बता दें कि मध्यप्रदेश के जबलपुर के एक हिंदी अखबार के संवाददाता संदीप कोठारी को जिंदा जला दिया गया था। पत्रकार पर रेत माफिया से जुड़ा मामला वापिस लेने का दबाव बनाया जा रहा था, जिसमें बात न मानने पर उसकी दर्दनाक हत्या कर दी गई।
पत्रकार संदीप की मौत के बाद मध्यप्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया है। मामला अवैध खनन से जुड़ा होने के कारण विपक्षी दलों ने सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साध दिया है। अवैध खनन लंबे समय से मध्यप्रदेश में एक संवदेनशील मुद्दा रहा।
इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है की अवैध खनन रोकने गए आईपीएस नरेन्द्र की कुछ साल पहले ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा भी कई लोगों की जान अवैध खनन के चक्कर में जा चुकी है।
खनन के विरोध पर हो चुकी है कई लोगों की हत्या
वहीं मामले में अब विपक्षी कांग्रेस हमलावर हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने तो सीधे सीधे मुख्यमंत्री शिवराज चौहान को लपेटे में ले लिया है। उन्होंने चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की शह पर ही पूरे प्रदेश में अवैध खनन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री का परिवार ही खनन के काम में जुटा है। दिग्गी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के साले बालाघाट में अवैध खनन करा रहे हैं तो उनके चाचा और एक भाई नर्मदा नदी में खनन करवा रहे हैं।
दिग्विजय ने कहा कि अवैध खनन करने वालों के सिर पर खुद मुख्यमंत्री का हाथ टिका हुआ है इसलिए वो बेखौफ होकर अवैध खनन करते हैं और विरोध करने पर किसी की भी जान लेने से नहीं चूकते।
