इंदौर: विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला फिर चर्चा में, खजराना गणेश में प्रतिबंधित गर्भगृह में जाकर किए दर्शन
इंदौर में भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। इस बार उनका एक वीडियो खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह से सामने आया है। गर्भगृह में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित है।
विस्तार
इंदौर में भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उनका एक वीडियो खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह से सामने आया है। गर्भगृह में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित है। विशेष अनुमति मिलने पर ही यहां दर्शन किए जा सकते हैं। इससे पहले उज्जैन के महाकाल मंदिर में नियमों के उल्लंघन को लेकर रुद्राक्ष पर एक साल तक वीआईपी और प्रोटोकॉल दर्शन की रोक लगाई जा चुकी है। अब खजराना मंदिर के वीडियो ने एक बार फिर मंदिरों में वीआईपी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में रुद्राक्ष शुक्ला खजराना मंदिर के गर्भगृह में दर्शन करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में मंदिर की पार्किंग में उनकी गाड़ी भी दिखाई दे रही है। हालांकि, मंदिर समिति ने अभी तक वीडियो की पुष्टि नहीं की है। समिति के पदाधिकारियों को भी इस संबंध में जानकारी होने से इनकार किया गया है।
अनुमति के बाद ही गर्भगृह में प्रवेश
खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित है। कलेक्टर की अनुमति मिलने के बाद ही गर्भगृह में जाकर दर्शन किए जा सकते हैं। हालांकि, अनुमति मिलने पर भी श्रद्धालुओं को मूर्ति स्पर्श करने की इजाजत नहीं है। ऐसे में वायरल वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि रुद्राक्ष को गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति किस आधार पर मिली।
बड़े बेटे ने भी गर्भगृह में पहनाई थी वरमाला
विधायक गोलू शुक्ला के बड़े बेटे अजनेश का पिछले साल विवाह हुआ था। शादी के बाद जब वे पत्नी के साथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे, तब दोनों ने गर्भगृह में एक-दूसरे को वरमाला पहनाई थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था। आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित होने के कारण इस घटना पर भी सवाल उठे थे।
महाकाल मंदिर में एक साल के लिए लगी है रोक
उज्जैन के महाकाल मंदिर में रुद्राक्ष शुक्ला ने प्रतिबंध के बावजूद रील बनाई थी और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया था। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन इस्तेमाल करने, फोटो खींचने और वीडियो रील बनाने पर प्रतिबंध है।
इसके बावजूद रुद्राक्ष वीआईपी व्यवस्था के तहत दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के दौरान उन्होंने मंदिर के चांदी द्वार तक मोबाइल से रील बनवाई। इस दौरान सुरक्षाकर्मी उन्हें रोकने के बजाय प्रोटोकॉल के तहत दर्शन कराते नजर आए थे। मामले के बाद मंदिर में वीआईपी और प्रोटोकॉल व्यवस्था के तहत उनके दर्शन करने पर एक साल की रोक लगा दी गई थी। अब वे आम श्रद्धालुओं की तरह कतार में लगकर दर्शन कर सकते हैं।
पुजारी से विवाद के मामले में दर्ज हो चुकी है एफआईआर
रुद्राक्ष शुक्ला का विवादों से पुराना नाता रहा है। करीब दो साल पहले देवास में मंदिर बंद होने के बाद दर्शन करने पहुंचे रुद्राक्ष का पुजारी से विवाद हो गया था। इस मामले में उनके खिलाफ देवास में प्रकरण दर्ज किया गया था। इसके बाद उन्हें थाने में भी पेश होना पड़ा था।

