धार: रोटी देने की बात पर पिता से भिड़ा बेटा, लकड़ी के फाचरे से पीटकर कर दी हत्या; सिर-मुंह पर किए चार-पांच वार
धार के गंधवानी क्षेत्र में रोटी देने की बात पर हुए विवाद में बेटे ने लकड़ी के फाचरे से हमला कर पिता की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई चाची को भी घायल किया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
गंधवानी के समीप ग्राम बड़िया धावड़ियापुरा में रोटी देने की बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्से में आए बेटे ने लकड़ी के फाचरे से पिता के सिर और मुंह पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण पिता की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई चाची पर भी आरोपी ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी अपनी दादी को भी मारने के लिए दौड़ा। पुलिस ने दो अलग-अलग टीमें बनाकर घेराबंदी की और आरोपी को गांव छोड़ने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
गंधवानी थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना के अनुसार, फरियादिया धनीबाई (50) ने पुलिस को बताया कि मृतक गुलाब सोलंकी उनका देवर था। गुलाब की पत्नी का करीब 10 साल पहले निधन हो चुका है। उसका बेटा कालू पिछले 4-5 वर्षों से मनावर में पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। वह ड्राइवरी का काम करता है। खेती के काम से गांव आने-जाने के दौरान रोटी देने की बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
पढ़ें: आग ताप रहे लोगों को ट्रक ने रौंदा, तीन की मौत, दो की हालत गंभीर; मौके पर मची चीख-पुकार
बुधवार शाम करीब 5 बजे गुलाब घर के पास पहुंचा और बेटे कालू से रोटी नहीं देने की बात पूछी। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आए कालू ने जान से मारने की धमकी देते हुए लकड़ी के फाचरे से पिता के सिर और मुंह पर चार-पांच वार कर दिए। हमले में गुलाब जमीन पर गिर पड़ा।
बीच-बचाव करने पहुंची चाची धनीबाई की कमर पर भी आरोपी ने वार कर दिया। इसके बाद वह अपनी दादी बिरजबाई को मारने के लिए दौड़ा। इसी दौरान कंचनबाई ने बीच-बचाव किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन गंभीर हालत में गुलाब को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गुरुवार सुबह गंधवानी के शासकीय अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। फरियादिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी कालू के खिलाफ धारा 296, 115(2) और 103(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने घेराबंदी कर आरोपी को गांव छोड़ने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां उससे पूछताछ की गई। आगे की कार्रवाई थाने में की जा रही है।

