{"_id":"6a1706687bae64f62b0cfdac","slug":"kolhias-khanti-bani-period-2-teenagers-drowned-while-going-for-picnic-chhindwara-news-c-1-1-noi1218-4329712-2026-05-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Chhindwara News: पिकनिक मनाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत, घोघरा वाटरफॉल में भी दो बच्चे डूबे; तलाश जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Chhindwara News: पिकनिक मनाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत, घोघरा वाटरफॉल में भी दो बच्चे डूबे; तलाश जारी
Wed, 27 May 2026 08:47 PM IST
छिंदवाड़ा ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छिंदवाड़ा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छिंदवाड़ा
Published by: छिंदवाड़ा ब्यूरो
Updated Wed, 27 May 2026 08:47 PM IST
सार
छिंदवाड़ा जिले के कोल्हिया गांव स्थित बंड खदान की गहरी खंती में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। पिकनिक मनाने पहुंचे दोस्तों के साथ नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए। कई घंटे के रेस्क्यू के बाद शव निकाले गए। ग्रामीणों ने खतरनाक खंतियों पर सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की। वहीं घोघरा वाटरफॉल में भी दो बच्चे डूब गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
विज्ञापन
मौके पर मौजूद टीम
विस्तार
डुंगरिया पुलिस चौकी क्षेत्र के कोल्हिया गांव स्थित बंड खदान के पास बनी गहरी खंती में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना इतनी अचानक हुई कि साथ मौजूद दोस्त कुछ समझ ही नहीं पाए और मदद के लिए चीखते रह गए। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों किशोरों के शव पानी से बाहर निकाले गए।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार तर्क क्षेत्र के करीब 10 दोस्त रविवार को कोल्हिया इलाके में पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी युवक सुबह से ही घूमने और मौज-मस्ती के मूड में थे। बंड खदान के पास खुले स्थान पर सभी ने मिलकर खाना बनाने की तैयारी की। लकड़ियां इकट्ठा कर खाना बनाया गया और दोपहर में सभी दोस्तों ने साथ बैठकर भोजन किया। इसके बाद कुछ दोस्त आराम करने लगे, जबकि पांच युवक गर्मी से राहत पाने के लिए पास की खंती में नहाने उतर गए।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआत में सभी युवक उथले हिस्से में नहा रहे थे। इस दौरान पानी में मस्ती करते हुए दो किशोर धीरे-धीरे गहरे हिस्से की तरफ चले गए। अचानक दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पानी में डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने जब उन्हें हाथ-पैर मारते देखा तो शोर मचाया। कुछ दोस्तों ने पानी में उतरकर बचाने की कोशिश भी की, लेकिन खंती की गहराई अधिक होने और पानी में फिसलन के कारण वे सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते दोनों किशोर पानी में गायब हो गए। मौके पर मौजूद दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ युवक दौड़ते हुए आसपास के लोगों को बुलाने पहुंचे, जबकि बाकी मदद के लिए चिल्लाते रहे। सूचना मिलते ही 112 डायल टीम और पुलिस मौके के लिए रवाना हुई।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- सास गिरिबाला की अग्रिम जमानत के खिलाफ पौने तीन घंटे हाईकोर्ट में चली सुनवाई, आदेश सुरक्षित
घटना की जानकारी मिलते ही 112 डायल के पायलट शिव अमरवंशी, आरक्षक महेश उईके, थाना प्रभारी और डुंगरिया चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी तुरंत रेस्क्यू अभियान में मदद शुरू कर दी। रस्सियों और अन्य संसाधनों की मदद से पानी में तलाश शुरू की गई। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान आयुष जावरे (17) और राजा बनवंशी (16) निवासी तर्क क्षेत्र के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे। अपने बच्चों के शव देखकर परिवार के लोग बेसुध हो गए। गांव में भी घटना के बाद मातम का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बंड खदान क्षेत्र में बनी खंतियां बेहद गहरी हैं और यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। गर्मी के दिनों में युवक और बच्चे यहां अक्सर नहाने पहुंचते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी यहां हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए और न ही सुरक्षा घेरा बनाया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खतरनाक जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए। साथ ही लोगों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यहां भी दो बच्चे डूबे
बेलखेड़ा के घोघरा वाटरफॉल में दो बच्चे डूबे, तलाश जारी। दोनों बच्चे छिंदवाड़ा निवासी हैं, बहनों के साथ घूमने आए थे। चौरई पुलिस ने बताया कि डूबने वाले बच्चों में 14 वर्षीय गौरव डेहरिया एवं 17 वर्षीय विनायक गुप्ता का नाम शामिल है। दोनों बच्चे छिंदवाड़ा निवासी बताए जा रहे हैं। बच्चे अपनी बहनों के साथ घूमने आए हुए थे तभी रील बनाते समय हादसा हुआ। मौके पर चौरई पुलिस पहुंच चुकी है एवं बच्चों की तलाश जारी है।
