Bhopal News: पत्नी को तलाक का नोटिस देने वाला आयुर्वेद डॉक्टर भागा विदेश, एक दिन पहले पत्नी लगा चुकी है फांसी
अयोध्या नगर में आयुर्वेदिक डॉक्टर संजय देशवाली विदेश भाग गया और पत्नी किरण को तलाक का नोटिस भेजा। संतान न होने व प्रताड़ना से आहत किरण ने बुधवार को फांसी लगाकर जान दे दी। दो पेज के सुसाइड नोट में पति, परिजन और प्रेमिकाओं को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस मर्ग दर्जकर जांच कर रही है।
विस्तार
शादी के 14 साल बाद भी बच्चे नहीं होने के कारण आए दिन पत्नी को प्रताड़ित करने और तलाक का नोटिस देने वाला आयुर्वेदिक डॉक्टर संजय देशवाली विदेश भाग गया है। वह अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता है। शादी के लिए ही उसने पत्नी किरण को प्रताड़ित करता था और पांच महीने से वह पत्नी से अलग रह रहा था। एक दिन पहले ही पत्नी दो पेज का सुसाइड नोट लिखकर फांसी लगाकर जान दे चुकी है। सुसाइड नोट में पति, सास, देवर, ननद, और प्रेमिका और उसकी बहन के नाम शामिल हैं। आरोप है कि दोनों बहनें संजय की प्रेमिकाएं ही हैं। अयोध्या नगर पुलिस मर्ग कायम कर सुसाइड नोट के आधार पर जांच कर रही है। जांच में खुलासा हुआ कि उसने घर से गायब होने के बाद पत्नी को तलाक का नोटिस भेजा था, जिसके बाद पत्नी तनाव में थी और बुधवार को उसने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
अयोध्या नगर पुलिस के अनुसार खजूरीकला पूर्वांचल में रहने वाली किरण मीणा (35) की शादी करीब चौदह साल पहले डॉक्टर संजय देशवाली से हुई थी। दोनों अयोध्या नगर स्थित तिरुपति हाइट्स में रहते थे। शादी के कई साल बाद भी दोनों को कोई संतान नहीं हुई थी। बीती 11 अप्रैल को डॉक्टर संजय देशवाली अपने घर से बगैर बताए लापता हो गया था। पत्नी किरण ने उसी दिन थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसके बाद से पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें-डॉक्टर ने बच्चे नहीं होने पर थमाया तलाक का नोटिस, पत्नी ने प्रेमिकाओं का नाम लिखकर लगा ली फांसी
बुधवार को किरण ने लगाई थी फांसी
कुछ दिनों पहले किरण को पति द्वारा भेजा गया तलाक का नोटिस मिला था, जिसके बाद से वह काफी परेशान रहने लगी थी। बुधवार को उसने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। कई बार प्रयास करने के बाद भी जब किरण ने परिजनों का फोन नहीं उठाया तो घरवाले फ्लैट पर पहुंचे, जहां उसका शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेजा और गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद लाश परिजन को सौंप दी गई। कमरे की तलाशी में पुलिस को दो पेज का एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें किरण ने अपने पति, उसके माता-पिता, देवार और गर्लफ्रेंड और उसकी बहन पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाया था।
ये भी पढ़ें-यावर खान पर धोखाधड़ी का केस दर्ज, फर्जी दस्तावेज से मकान हड़पने समेत अन्य गंभीर मामलों की जांच शुरू
परिजनों ने कहा- विदेश भागा संजय
मृतका के परिजनों का कहना है कि घर से गायब होने के बाद डॉ. संजय विदेश भाग गया है। वह पहले भी पत्नी के साथ विदेश में रह चुका है। घटना दिनांक को बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे में वह बैग के साथ जाता हुआ दिखाई दिया है। उसके पहले उसने पत्नी को मायके में छोड़ दिया था। पत्नी जब फ्लैट पर पहुंची तो पड़ोसी ने चाबी दी थी। काफी प्रयास करने के बाद भी जब संजय से संपर्क नहीं हुआ तो पत्नी ने थाने जाकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। दो-तीन दिनों के बाद संजय ने सोशल मीडिया पर आस्ट्रिया में होने की जानकारी अपलोड की थी। किरण ने जब वहां रहने वाले अपने कुछ परिचितों से संपर्क किया तो पता चला कि संजय मॉरिशस पहुंच गया है। उसके बाद से दोनों के बीच बातचीत नहीं हुई थी।
