MP News: सीएम डॉ.मोहन यादव बोले- दिव्यांगजन की सेवा और कल्याण आंतरिक सुख का विषय
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को समाज-कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों पर ब्रेल लिपि में विकसित पुस्तक का विमोचन किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कुल 47 अस्थि बाधित दिव्यांगजन को ई-साइकिल वितरित की।
विस्तार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को आयोजित एक ई-साइकिल वितरण कार्यक्रम में शामिल होकर दिव्यांगजनों को सम्मानित किया। उन्होंने विश्व ब्रेल दिवस (4 जनवरी) के अवसर पर ब्रेल लिपि के संस्थापक लुइस ब्रेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनका स्मरण किया। इस दौरान उन्होंने समाज-कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों पर आधारित एक ब्रेल लिपि में विकसित पुस्तक का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 47 दिव्यांगजनों को ई-साइकिल वितरित की और इस अवसर पर कहा कि ब्रेल लिपि दृष्टिबाधित दिव्यांगजन के लिए एक महत्वपूर्ण और बड़ी सौगात है। उन्होंने बताया कि कई देशों की सेनाएं रात के समय संदेशों के आदान-प्रदान के लिए ब्रेल लिपि का उपयोग करती हैं। मुख्यमंत्री ने ई-साइकिलों की सराहना करते हुए कहा कि इन साइकिलों का उपयोग घर में व्हीलचेयर के रूप में किया जा सकता है और बाहर आने-जाने के लिए ट्राई साइकिल के रूप में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांगता से प्रभावित होने के बावजूद कई व्यक्तियों ने अपनी क्षमता और सामर्थ्य का उपयोग कर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पौराणिक संदर्भ में अष्टावक्र, महान संगीतज्ञ स्व. रविंद्र जैन और धर्म-आध्यात्म के क्षेत्र में स्वामी रामभद्राचार्य जी का उदाहरण विशेष रूप से उल्लेखनीय है। इस कार्यक्रम में दृष्टिबाधित बालिका कुमारी तान्या शर्मा ने 'सक्षम गान' की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने कुमारी तान्या को पुष्प-गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने मंदसौर की कुमारी अनामिका सोलंकी, खंडवा की रजनी दशोरे, झाबुआ की उषा गढ़वा, श्री ओम तिवारी, श्री सुखदेव और अन्य दिव्यांगजनों को प्रतीक स्वरूप ई-साइकिल वितरित की। यह कार्यक्रम समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल "सक्षम" की पहल पर आयोजित किया गया, जिसमें भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) का सहयोग था।
