दुखद: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर का निधन, अस्पताल में चल रहा था उपचार
बृजेंद्र सिंह राठौर को दमोह विधानसभा उपचुनाव का प्रभारी बनाया गया था। इसके अलावा वे विधानसभा की लोक लेखा समिति के अध्यक्ष और कमल नाथ सरकार में वाणिज्यिक कर मंत्री भी रह चुके हैं।
विस्तार
रविवार को भोपाल चिरायु अस्पताल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर का उपचार के दौरान निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि बीते दिनों दमोह उपचुनाव के प्रचार-प्रसार के दौरान वे संक्रमित हुए था। स्वास्थ्य बिगड़ने की वजह से बृजेंद्र सिंह को झांसी के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। लेकिन तबीयत में सुधार न आने की वजह से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कहने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें एयरलिफ्ट कर भोपाल लाने के आदेश दिए थे। जिसके बाद भोपाल अस्पताल में उनका उपचार किया जा रहा था।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जताया शोक
पूर्व मंत्री श्री बृजेन्द्र सिंह राठौर के दुखद निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक व व्यथित करने वाला है।
— Office Of Kamal Nath (@OfficeOfKNath) May 2, 2021
वे मेरे बेहद प्रिय होकर , सहज , सरल व्यक्तित्व के धनी व पार्टी के प्रति बेहद निष्ठावान व समर्पित थे।
उनका निधन कांग्रेस परिवार व मेरे लिये व्यक्तिगत क्षति है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने बृजेंद्र सिंह के चरणों में अर्पित की श्रद्धासुमन
विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री बृजेन्द्र सिंह राठौर जी के निधन से अत्यंत दुःख हुआ। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूँ। मेरी संवेदनाएँ शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को शांति दें और उनके परिजनों को इस वज्रपात को सहने की क्षमता दें।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) May 2, 2021
