Bhopal News: डॉक्टर के गले से चेन खींचकर ले भागे बदमाश, तलाश में जुटी पुलिस
राजधानी भोपाल में एक डॉक्टर के गले से बदमाश ने चेन खींचा और ऑटो में बैठकर भाग गया। पुलिस ऑटो चालक और लुटेरे की तलाश कर रही है।
विस्तार
राजधानी भोपाल में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के सामने चाय पी रहे एक डॉक्टर के गले से बदमाश ने सोने की चेन खींच लिया और पहले से स्टार्ट खड़े ऑटो में बैठकर भाग निकला। पुलिस ने ऑटो नंबर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। ऑटो नंबर के आधार पर उसके मालिक से संपर्क हो चुका है। अब पुलिस ऑटो ड्राइवर और लुटेरे को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
हबीबगंज पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर आदित्य चिरायु मेडिकल कालेज से एमबीबीएस करने के बाद वहीं पर डॉक्टरी करते हैं और उसी कैंपस के ब्वायज हॉस्टल में रहते हैं। रात को वह अपने दोस्त के साथ किसी से मिलने के लिए मिसरोद पहुंचे थे। तड़के करीब पौने तीन बजे वापस लौटते समय वह रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के सामने रुके और एक दुकान पर नाश्ता करने लगे। नाश्ता करने के बाद वह अपनी गाड़ी के पास जाने लगे, तभी पीछे से आए एक बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली और पहले स्टार्ट खड़े ऑटो में बैठकर भाग निकला। इस दौरान डॉक्टर आदित्य ने ऑटो का नंबर देख लिया था। पुलिस ने ऑटो नंबर के आधार पर चालक और बदमाश के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें: खाई में जा गिरे दो नए ट्रैक्टर, हादसे में एक ड्राइवर की मौत और दूसरा घायल
मालिक ने किराए पर दिया है ऑटो
पुलिस ने बताया कि ऑटो नंबर के आधार पर उसके मालिक से संपर्क किया गया तो पता चला कि उसने पांच सौ रुपये रोजाना के हिसाब से अपना ऑटो किराए पर चलाने के लिए दिया है। पुलिस को ऑटो ड्राइवर की जानकारी मिल गई है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पता चल पाएगा कि किस बदमाश ने डॉक्टर के गले से चैन खींची थी। लूटी गई चेन की कीमत 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: नाबालिग से कट्टा अड़ाकर दुष्कर्म, वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल
डॉक्टर के घर चोरी करने वालों का सुराग नहीं
इसी थानांतर्गत ई-4 अरेरा कॉलोनी में रहने वाले डॉक्टर राजीव कुमार सक्सेना (72) के घर दिनदहाड़े धावा बोलने वाले बदमाशों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। डॉक्टर सक्सेना बीते 20 मार्च की सुबह पत्नी उषा किरण के साथ घर पर ताला लगाकर डीआईजी बंगला स्थित अपने क्लीनिक चले गए थे। शाम करीब चार बजे वापस लौटे तो अंदर का ताला टूटा मिला।
भीतर जाकर देखा तो अलमारियों के लॉकर भी उखड़े पड़े हुए थे। चेक करने पर आलमारी में रखे 70 हजार रुपये नकद, लाइसेंसी रिवॉल्वर के 30 कारतूस और एक मोबाइल फोन समेत करीब 95 हजार का सामान गायब था। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया था। लेकिन अभी तक आरोपियों का कुछ पता नहीं चल पाया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
