{"_id":"6ad7010e8f4c63a27403c37f","slug":"bhopal-mp-colleges-to-offer-digital-e-content-in-23-subjects-with-expert-review-and-smart-class-use-2026-10-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"भोपाल: उच्च शिक्षा विभाग की पहल, किताबों में देरी से निपटने के लिए ई कंटेंट तैयार, विशेषज्ञ समिति करेगी जांच","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भोपाल: उच्च शिक्षा विभाग की पहल, किताबों में देरी से निपटने के लिए ई कंटेंट तैयार, विशेषज्ञ समिति करेगी जांच
Tue, 20 Oct 2026 11:20 AM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Tue, 20 Oct 2026 11:20 AM IST
सार
उच्च शिक्षा की पढ़ाई को डिजिटल माध्यम से आसान बनाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग 23 विषयों का ई-कंटेंट तैयार कर रहा है। इसमें वीडियो, टेक्स्ट, चार्ट और एनिमेशन के जरिए पढ़ाई में मदद मिलेगी। विषय विशेषज्ञ सामग्री की गुणवत्ता और तथ्यों की जांच करेंगे।
विज्ञापन
कॉलेज विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से मिलेगा 23 विषयों का ई-कंटेंट
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
प्रदेश के कॉलेज विद्यार्थियों को अब राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत 23 विषयों का ई-कंटेंट डिजिटल माध्यम से मिलेगा। स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में बदलाव के बाद किताबों की उपलब्धता में हो रही देरी को देखते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने यह पहल की है। विद्यार्थी ऑनलाइन वीडियो, टेक्स्ट, चार्ट और एनिमेशन के माध्यम से पाठ्यक्रम की पढ़ाई कर सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त प्रबल सिपाहा ने बताया कि डिजिटल अध्ययन सामग्री से विद्यार्थियों को पढ़ाई में मदद मिलेगी और कॉलेजों की स्मार्ट क्लास का उपयोग अधिक प्रभावी तरीके से हो सकेगा।
विज्ञापन
डिजिटल सामग्री का विस्तार
उच्च शिक्षा विभाग ने शुरुआत में 16 विषयों के लिए ई-कंटेंट तैयार करने की योजना बनाई थी। शिक्षकों के प्रशिक्षण और उनकी रुचि को देखते हुए विभाग ने इसमें सात नए विषय जोड़ दिए। अब कुल 23 विषयों की अध्ययन सामग्री तैयार हो रही है। विभाग ने शासकीय कॉलेजों में पढ़ाने वाले प्राध्यापकों और सहायक प्राध्यापकों को इस काम की जिम्मेदारी सौंपी है। विभाग ने शिक्षकों को पाठ्यक्रम के अनुरूप मॉड्यूल और सब-मॉड्यूल बनाने का प्रशिक्षण दिया है। विभाग तैयार सामग्री को ज्ञान सेतु चैनल और यूट्यूब के माध्यम से विद्यार्थियों को उपलब्ध कराएगा।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: दशहरे पर बारिश का साया: भोपाल में रावण के पुतलों को ढका, 25 जिलों में अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा
विज्ञापन
विशेषज्ञ समिति करेगी समीक्षा
डिजिटल सामग्री की गुणवत्ता और तथ्यात्मक शुद्धता बनाए रखने के लिए विभाग ने प्रत्येक विषय में चार से सात शिक्षकों की समिति बनाई है। इसमें संयोजक, सह-संयोजक और अन्य विषय विशेषज्ञ शामिल हैं। विभाग ने पहले चरण की सामग्री तैयार करने और उसके सत्यापन के लिए विशेषज्ञों को एक सप्ताह का समय दिया है। ये समितियां स्टूडियो में तैयार सामग्री की समीक्षा करेंगी। समितियां जांच के दौरान टेक्स्ट, वीडियो, एनिमेशन, चार्ट और संदर्भों की प्रामाणिकता देखेंगी। आवश्यकता पड़ने पर संशोधन भी कराए जाएंगे। विशेषज्ञों की मंजूरी मिलने के बाद ही विभाग ई-कंटेंट को ऑनलाइन जारी करेगा।
स्मार्ट क्लास में उपयोग
शिक्षक इस ई-कंटेंट का उपयोग कॉलेजों की स्मार्ट क्लास में भी कर सकेंगे। शिक्षक वीडियो, चार्ट और एनिमेशन की मदद से जटिल विषयों को सरल तरीके से समझा सकेंगे। इससे कक्षा में पढ़ाई अधिक रोचक और प्रभावी बनेगी। उच्च शिक्षा विभाग ई-कंटेंट में भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विषयों और पारंपरिक ज्ञान को भी शामिल कर रहा है। इसका उद्देश्य आधुनिक पाठ्यक्रम के साथ भारतीय ज्ञान-विरासत को विद्यार्थियों तक पहुंचाना है।
इस डिजिटल सामग्री में हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, गणित, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, वनस्पति विज्ञान, प्राणी शास्त्र, जैव प्रौद्योगिकी, भूगोल, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, इतिहास, प्राचीन भारतीय इतिहास एवं संस्कृति, पुरातत्व, भूगर्भ शास्त्र, वाणिज्य, मनोविज्ञान, दर्शन शास्त्र, शारीरिक शिक्षा, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान, संगीत तथा गृह विज्ञान शामिल हैं। गृह विज्ञान के साथ टेक्सटाइल एंड क्लोदिंग की सामग्री भी ई कंटेंट में मिलेगी।
