Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   balaghat air hostess varsha turkar murder case wife four arrested 13 lakh supari

एयर होस्टेस हत्याकांड: 13 लाख की सुपारी देकर पत्नी ने ही कराई थी पति की प्रेमिका की हत्या, चार गिरफ्तार

Fri, 20 Nov 2026 07:58 AM IST
दिनेश शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बालाघाट
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बालाघाट Published by: दिनेश शर्मा Updated Fri, 20 Nov 2026 07:58 AM IST
सार

महाराष्ट्र के गोंदिया में एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की हत्या के मामले में पुलिस ने पति की पत्नी मोना अग्रवाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वर्षा की हत्या के लिए 13 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

विज्ञापन
balaghat air hostess varsha turkar murder case wife four arrested 13 lakh supari
वर्षा तुरकर ही हत्या मामले में पत्नी के सहयोगी तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में हुई एयर होस्टेस वर्षा तुरकर हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पति के प्रेम संबंधों से नाराज पत्नी ने ही 13 लाख रुपये की सुपारी देकर इस हत्याकांड को अंजाम दिलवाया। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के खैरलांजी क्षेत्र स्थित नवेगांव निवासी 35 वर्षीया एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की 14 नवंबर को गोंदिया के बोंडरानी गांव के जंगल में शिव मंदिर के पास चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता पत्नी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
विज्ञापन


जीपीएस तकनीक से कार की लोकेशन और सुपारी की योजना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नितेश अग्रवाल और वर्षा तुरकर के बीच प्रेम संबंध थे। इस बात से नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल (41) बेहद नाराज रहती थी। मोना ने वर्षा को रास्ते से हटाने के लिए अपने पड़ोसी कुणाल कुंभलकर (31) के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। कुणाल ने सुपारी किलिंग के लिए शाहरुख पठान (33) से संपर्क साधा और 13 लाख रुपये में हत्या का सौदा तय किया। इसके बाद शाहरुख ने इस आपराधिक वारदात की जिम्मेदारी इमरान शेख (26), नलन उर्फ नायलान शेख (24) और कृष्णा राऊत (19) को सौंपी।
विज्ञापन


नितेश जिस कार से यात्रा कर रहा था, वह कार उसकी पत्नी मोना के नाम पर पंजीकृत थी। कार में लगे जीपीएस उपकरण से जुड़े मोबाइल एप के माध्यम से आरोपी नितेश की सटीक लोकेशन लगातार प्राप्त कर रहे थे। इसी तकनीक का उपयोग करके हमलावर नितेश की कार का पीछा कर रहे थे। बालाघाट की तरफ जाते समय बोंडरानी गांव के जंगल में शिव मंदिर के समीप अवसर मिलते ही हमलावरों ने वर्षा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


ये भी पढ़ें- वैनगंगा नदी किनारे लहूलुहान मिलीं पुणे में कार्यरत एयरलाइन कर्मी, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

सीसीटीवी फुटेज से सुराग और आरोपियों की गिरफ्तारी
इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने के लिए गोंदिया पुलिस ने व्यापक स्तर पर छानबीन की। पुलिस अधीक्षक गौरव भामरे के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटनास्थल से लेकर तिरोड़ा, खैरलांजी, वारासिवनी और बालाघाट मार्ग पर लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण के दौरान तीन बाइक सवार संदिग्ध नितेश की कार का पीछा करते दिखाई दिए। पुलिस ने इसी महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर अपनी जांच आगे बढ़ाई और सुपारी किलिंग की इस पूरी साजिश का पर्दाफाश किया।

यह सफल कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में अपराध शाखा निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुड़े की टीम ने की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोना अग्रवाल, कुणाल कुंभलकर, शाहरुख पठान और इमरान शेख को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं वारदात में शामिल फरार आरोपी नलन उर्फ नायलान शेख और कृष्णा राऊत की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


वित्तीय लेनदेन और अन्य पहलुओं की गहन जांच
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव भामरे ने बताया कि पुलिस इस हत्याकांड के सभी संभावित पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान मृतका वर्षा और नितेश के बीच लगभग 60 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन की बात भी सामने आई है। पुलिस अब इस बात की सूक्ष्मता से जांच कर रही है कि इस बड़े वित्तीय लेनदेन का हत्या की इस वारदात से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध था या नहीं। इसके साथ ही इस पूरे मामले में नितेश की क्या भूमिका थी, इसकी भी जांच की जा रही है।

इसके अतिरिक्त, मुख्य आरोपी मोना अग्रवाल ने सुपारी की 13 लाख रुपये की राशि का प्रबंध करने के लिए जिस व्यक्ति से पैसे लिए थे, पुलिस उस व्यक्ति को भी हिरासत में लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चल रहे दोनों आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और हत्या की इस साजिश से जुड़ी तमाम कड़ियों को पूरी तरह बेनकाब किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed