बीजेपी के मंत्री ने इंदिरा को बताया 'दुर्गा', जमकर की तारीफ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजनीतिक दलों में तल्खियों के किस्से बहुत सुने जाते रहे हैं लेकिन एक दूसरे की तारीफ में कसीदे कढ़ने की बात कम ही सामने आती है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है मध्यप्रदेश के गृहमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर का।
जिनके एक बयान के बाद उनकी पार्टी और वरिष्ठ नेताओं की त्यौरियां चढ़ सकती हैं। राजधानी भोपाल में शिवराज सिंह चौहान के खास मंत्री बाबू लाल गौर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तारीफ में इतने मगन हुए कि उन्हें दुर्गा तक कह डाला।
गौर यहीं नहीं रुके और कहा कि इंदिरा गांधी ने देश के लिए जितना काम किया इतना अभी तक किसी ने नहीं किया है। इसलिए हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन्हें इसके लिए श्रद्धाजंलि दें, वह भारत की दुर्गा थीं।
पहले भी अपने बयानों से चर्चाओं में रहे हैं बाबूलाल
बता दें कि वयोवृद्ध नेता बाबू लाल गौर अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। पूर्व में महिलाओं पर दिए गए उनके बयानों के कारण भी उनकी काफी आलोचना हुई थी।
हाल ही में उन्होंने मध्यप्रदेश से अपहृत हुए एक बच्चे के नौ दिन बाद वापस लौटने पर कहा था कि हनुमान जी ने इस बच्चे की जान बचाई है। रशियन महिलाओं पर दिया उनका एक बयान बड़ा चर्चित हुआ था।
उन्होंने एक सम्मेलन के दौरान कहा था कि वह एक बार रुस की यात्रा पर थे वहां की महिलाओं ने उन्हें चूम लिया था, अगर ऐसा भारत में होता तो हंगामा मच जाता। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में बलात्कार की बढ़ती घटनाओं पर भी उन्होंने बयान दिया था कि सिर्फ कानून के डंडे से ही रेप नहीं रुक सकता।
रेप के बारे में किसी को पहले से ही मालूम नहीं हो सकता इसलिए इसमें कोई क्या कर सकता है। शराब पर भी उनका एक बयान काफी चर्चित रहा था जिसमें उन्होंने कहा था शराब पीना स्टेट्स सिंबल है इससे अपराध नहीं बढ़ते। जो पीकर बहकते हैं वो ही अपराध करते हैं।
