{"_id":"6ad7415e3a115ee4e404e90c","slug":"two-cousins-who-had-gone-to-see-the-matas-tableau-died-in-a-road-accident-five-injured-ashoknagar-news-c-1-1-noi1454-4853536-2026-10-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"अशोकनगर: माता की झांकी देखने निकले दो चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत, पांच लोग घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अशोकनगर: माता की झांकी देखने निकले दो चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत, पांच लोग घायल
Tue, 20 Oct 2026 08:23 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अशोकनगर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अशोकनगर
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Tue, 20 Oct 2026 08:23 PM IST
सार
अशोकनगर-गुना मार्ग पर सेजी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों दीपु और राजा आदिवासी की मौत हो गई। हादसे में पांच अन्य लोग घायल हुए। पुलिस ने दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चालक मौके से फरार हैं।
विज्ञापन
ट्रक ने दो भाइयों को रौंदा
विस्तार
माता की झांकी के दर्शन करने की इच्छा लेकर घर से निकले दो चचेरे भाइयों की यात्रा रास्ते में ही खत्म हो गई। अशोकनगर-गुना मार्ग पर सेजी गांव के नजदीक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दोनों युवकों की जान चली गई। हादसे में पांच अन्य लोग भी घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
मृतकों की पहचान सेजी पठार निवासी दीपु पुत्र कैलाश आदिवासी और राजा पुत्र सुरेश आदिवासी के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई थे। सोमवार रात वे बाइक से शाढ़ौरा में आयोजित माता की झांकी देखने के लिए निकले थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में एक हादसा उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
विज्ञापन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अशोकनगर की ओर से दो ट्रक तेज गति से जा रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई। हादसे में एक युवक बाइक समेत करीब 150 फीट तक घिसटता चला गया, जबकि दूसरा ट्रक के पिछले पहियों के बीच फंस गया। गंभीर चोटों के कारण दोनों युवकों की मौत हो गई।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- पन्ना में रामलीला देखकर लौट रहे सरपंच पुत्र समेत दो युवकों को बेकाबू डंपर ने रौंदा, दोनों की मौत
दुर्घटना के दौरान ट्रक की चपेट में दो अन्य बाइकें भी आ गईं। इससे हादसे की चपेट में आए लोगों की संख्या बढ़ गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इस दुर्घटना में दमोह जिले के छपराई निवासी परमाल अहिरवार और श्रीबाई अहिरवार घायल हुए हैं। इनके अलावा गुना जिले के विजयपुर निवासी विनोद सपेरा, भरत सपेरा और मुकेश सपेरा को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए शाढ़ौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है।
हादसे के बाद दोनों ट्रकों के चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर थाने में रखवाया। थाना प्रभारी सुनील सिकरवार के मुताबिक, मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार चालकों के संबंध में जानकारी जुटा रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
दोनों शवों का शाढ़ौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम कराया गया। एक ही परिवार के दो युवकों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस रात परिवार के दोनों सदस्य माता की झांकी देखने के लिए घर से निकले थे, उसी रात उनकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
