फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   young voter of kashi like narendra modi

ध्रुवीकरण को पीछे छोड़ आगे बढ़ने को बेताब 'नई काशी'

Mon, 12 May 2014 08:43 AM IST
इन्दुशेखर पंचोली/अमर उजाला, लखनऊ
इन्दुशेखर पंचोली/अमर उजाला, लखनऊ Updated Mon, 12 May 2014 08:43 AM IST
विज्ञापन
young voter of kashi like narendra modi

काशी में मतदाताओं के समर्थन को लेकर आकलन किये जा रहे हैं लेकिन शहर की नब्ज कुछ और कहती है। 'नई काशी' मोदी को लेकर कश्मकश में भी नहीं है।

विज्ञापन


मुस्लिम बहुल औरंगाबाद में रहने वाली शमां अंसारी का सवाल है, ये कौन सी बात है कि हम मुसलमान हैं तो मोदी को वोट नहीं दे सकते?

वोट देना हमारा हक है, इसे बताना जरूरी तो नहीं। बीएससी की पढ़ाई कर रहीं शमां का दर्द है कि वोट हमेशा हिंदू-मुसलमान की सोच से ऊपर उठकर क्यों नहीं पड़ता?
विज्ञापन


हमें कैंडिडेट में देखना चाहिए वह महिला शिक्षा और उनकी सुरक्षा के लिए क्या कर सकता है। कोई भी पार्टी इन मसलों पर ध्यान नहीं देती। शमां बनारस की वह बेटी हैं जो दकियानूसी सोच तोड़कर आगे बढ़ने को बेताब नौजवान पीढ़ी की नुमाइंदगी करती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

गलत हो सकते हैं आकलन

young voter of kashi like narendra modi
कज्जाकपुरा की शाहीन भी सवाल करती हैं- आखिर कब लोग मुसलमानों को बैकवर्ड कहना बंद करेंगे? वे कहती हैं, मैं आईआईटी की तैयारी कर रही हूं। जींस, टॉप, स्कर्ट भी पहनती हूं। ...आखिर क्या बुराई है इसमें?

रहा सवाल भाजपा, कांग्रेस और आप में से किसी को वोट देने का, तो भाजपा को सिर्फ उसकी बनी हुई छवि के कारण वोट न करें, यह गलत होगा।

हां, आज भी अम्मी-दादी, पापा से पूछकर वोट डालेंगे, लेकिन मैं अपने फैसले खुद ले सकती हूं। शाहीन और शमां जैसी बेटियां असली काशी की प्रतीक हैं।

16वीं लोकसभा के चुनाव में जहां पूरे देश में ध्रुवीकरण की होड़ लगी है, काशी इससे कुछ हद तक अलग है। अपना रहनुमा चुनने के लिए उसका पैमाना वह नहीं है जो देश के दूसरे हिस्सों में नजर आता है, इसीलिए भीड़ से वोट और नतीजों का आकलन करने वाले यहां संभवत: धोखा खा सकते हैं।

नहीं‌ किया निराश

young voter of kashi like narendra modi

काशी की जनता ने न नरेंद्र मोदी के इस्तकबाल में कमी छोड़ी, न अरविंद केजरीवाल को निराश किया और न ही राहुल गांधी और अखिलेश यादव को मायूस होने दिया।

कसौटी पर परखने के बाद ही अपनाती है काशी

सोमवार सुबह जब काशी वोट डाल रही होगी तो उसकी सोच और दायरे कुछ अलग ही होंगे। चुनाव में पूरे देश की तरह मुद्दा नरेंद्र मोदी हैं और जब वे वाराणसी से चुनाव लड़ रहे हों तो फलक व्यापक हो जाता है।

चर्चाओं और प्रचार में उनकी बढ़त साफ दिख रही है तो सिर्फ उनके नाम की खातिर नहीं। काशी ने अपनी रहनुमाई के लिए जो कसौटियां तय कर रखी हैं, उनमें वे काफी हद तक आगे भी हैं। बांसुरी बजाने वाले मुर्तजा भी इसीलिए कहते हैं- हमें सही मायनों में काशी की चिंता करने वाला नुमाइंदा चाहिए।

...धोखे तो 60 साल से खा ही रहे हैं। मजहबों की रहनुमाई करने वाले किसी भी पाले में खड़े दिखे हों, चिट्ठी और फतवे किसी के लिए भी जारी करते रहें, काशी के लोग अपनी कसौटी पर परखने के बाद ही किसी को अपनाते हैं।

केजरीवाल मुकाबले में नहीं

young voter of kashi like narendra modi

अरविंद केजरीवाल, मोदी के बाद बड़ा नाम हैं जो काशी का आशीर्वाद पाने वालों की कतार में हैं। उनको भी अपने नाम और पहचान का फायदा मिला है, लेकिन काशीवासियों से बात करें तो मोदी के मुकाबले वे भी खड़े नजर नहीं आते।

इस चुनाव से जीत-हार के अलावा वे जो चाहते हैं, मिल ही गया है। प्रचार का आखिरी दौर आते-आते अजय राय यदि उनके बराबर या आगे नजर आने लगे तो उसका कारण तलाशना बहुत मुश्किल नहीं है।

कई मजहबी रहनुमा केजरीवाल के साथ खड़े नजर आ रहे हैं लेकिन पीछे चलने वाले चुनावी महासमर में उनसे इत्तेफाक रखें, यह सौ फीसदी मुमकिन नहीं है।

बेनियाबाग में केजरीवाल के रोड शो के दौरान आप की टोपी लगाए मिले नौजवान मो. इरफान कहते हैं कि हमें भी मालूम है 16 मई के बाद उन्हें ढूंढना मुश्किल होगा।

दिल्ली का राज छोड़ने के बाद बनाई गई उनकी पलायनवादी छवि कहीं न कहीं उन पर चस्पा हो गई है।

अभी तो सबकी बम-बम

young voter of kashi like narendra modi

काशी के रण की मजेदार बात यह कि मोदी जैसे भारी-भरकम उम्मीदवार के सामने जितने भी प्रमुख प्रत्याशी हैं, सभी को अल्पसंख्यक वोटों का आसरा है।

सियासत और सिस्टम में बदलाव के झंडाबरदार केजरीवाल भी उनमें शामिल हैं तो कांग्रेस के स्थानीय उम्मीदवार अजय राय से लेकर सपा के कैलाश चौरसिया भी उसी कतार में खड़े हैं।

भले ही मोदी को बेनियाबाग में सभा करने की मंजूरी न मिली हो लेकिन बाकी तीनों प्रमुख उम्मीदवारों के रोड शो का एक अहम पड़ाव बेनियाबाग जरूर बना।

लेकिन, उस इलाके में जुटी भीड़ और बरसाए, फिकवाए गए फूलों के गणित से तीनों बम-बम हैं। हालांकि उनकी जमीन का खुलासा 16 मई को ही हो पाएगा।

दिखावे के लिए विरोध

young voter of kashi like narendra modi

पूरे चुनाव प्रचार में मोदी के विरोध में जुटे राजनीतिक दलों और नेताओं की गंभीरता का अंदाज महज इससे लगाया जा सकता है कि वे साझा उम्मीदवार तक नहीं ला पाए। विरोध का खोखलापन और विशुद्ध सियासत के निहितार्थ इससे जाहिर होते हैं।

कौमी एकता दल के बाहुबली मुख्तार अंसारी यदि कांग्रेस के पाले में नजर आए तो इसका कारण सिद्धांत नहीं अपनी सियासत ही ज्यादा है। मुख्तार को 2009 के चुनाव में 1.86 लाख वोट मिले थे तो उसमें बहुजन समाज पार्टी का वो बेस वोट भी था जिसके वे पिछली बार उम्मीदवार थे।

हालांकि इस चुनाव में न बसपा उम्मीदवार खास नजर आया और न ही उसका हो-हल्ला है। कांग्रेस से ताल ठोक रहे अजय राय का अपना वोट आधार है। वर्ष 2009 के चुनाव में 1.24 लाख वोट लेकर वह तीसरे स्थान पर रहे थे तो उसमें सपा के वोट भी थे, जिससे उन्होंने चुनाव लड़ा था।

अब सपा के पाले से कैलाश चौरसिया की उम्मीदवारी है। ये काशीवासियों का ही कमाल है कि कांग्रेस के जिन डॉ. राजेश मिश्रा को उन्होंने 2004 में 2.07 लाख वोटों से जिताया था, उन्हें ही 2009 में 66 हजार वोटों पर सीमित कर दिया।

मन की आंखों से समझें काशी को

young voter of kashi like narendra modi

काशी में जातियां हैं, उनकी ताकत भी नजर आती है। सियासत का जो दौर चल रहा है, उसमें इससे इन्कार नहीं किया जा सकता है कि काशीवासी जाति के पैमाने और दायरे में वोट करें।

लेकिन, वोटिंग का सिर्फ यही आधार बनता रहा है, ये कयास उतना ही अनिश्चित और उलझनों से भरा हो सकता है, जैसा कि रोड शो देखकर न्यूज चैनल सभी की हवा चलाने लगे हैं।

काशी को समझने के लिए कई पैमाने हो सकते हैं, कई नजरिये हो सकते हैं, कई आंखें हो सकती हैं, लेकिन इस सांस्कृतिक नगरी के लिए मन की आंखें भी होनी चाहिए तभी हकीकत का अंदाज संभव है। कण-कण में जिसके पारस है, वो बनारस है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed