लखनऊ में मौत का बेहता नाला: डूबते दोस्त को तो बचा लिया, लेकिन तेज बहाव में खुद बह गया सूरज; तलाश जारी
लखनऊ में बेहता नाले में डूब रहे दोस्त को बचाने उतरा युवक तेज बहाव में बह गया। हालांकि, उसका दोस्त रस्सा पकड़कर बाहर आ गया। गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश जारी है। आगे पढ़ें विस्तार से...
विस्तार
राजधानी लखनऊ में बृहस्पतिवार शाम बेहता नाले में भैंस को बचाने के दौरान एक युवक डूबने लगा। दोस्त को डूबता देख उसे बचाने के लिए रस्सी के सहारे नाले में कूदा 18 वर्षीय साथी भी तेज बहाव में बह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाश कराने में जुटी है।
घटना मलिहाबाद क्षेत्र के तरौना गांव की है। गांव निवासी रोहित ने बताया कि वह बेहता नाले के पास भैंस चरा रहा था। इसी दौरान उसकी भैंस नाले में जलकुंभी में फंस गई। उसने गांव के दोस्तों सूरज, नीरज और पिंटू को फोन करके बुलाया। चारों ने नाले के किनारे एक खंभे में रस्सा बांधा। फिर उसके सहारे भैंस को बाहर निकालने का प्रयास करने लगे।
रोहित को तो पकड़ लिया, लेकिन खुद बह गया सूरज
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रोहित भैंस को रस्सा बांध रहा था। इसी दौरान उसका हाथ रस्से से छूट गया और वह पानी में बहने लगा। रोहित को डूबता देख सूरज रस्सा पकड़कर नाले में कूद गया और उसे पकड़ने का प्रयास किया। सूरज ने रोहित को तो पकड़ लिया, लेकिन तेज बहाव में खुद बह गया। बताया जा रहा है कि सूरज को तैरना नहीं आता था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से सूरज की तलाश शुरू कराई। एसीपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि युवक की तलाश की जा रही है।
10 दिन पहले ही बंगलौर से घर आया था सूरज
सूरज बंगलौर के एक होटल में मजदूरी करता था। करीब 10 दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर गांव आया था। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां दुलारी, भाई राजल और बहनें सीता, गीता व मोना का रो-रोकर बुरा हाल है।
कमलेश की तेरहवीं के दिन दूसरा हादसा
तरौना गांव में बृहस्पतिवार को ही डूबने की दूसरी घटना हुई। बीते 29 सितंबर की शाम बेहता नाला पार करके चारा लेने जाते समय गांव निवासी कमलेश यादव (60) की डूबने से मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को उनके घर पर तेरहवीं का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दिन गांव में एक और युवक के नाले में डूबने की घटना हो गई।
घटना के करीब एक घंटे बाद भी एसडीआरएफ और गोताखोरों के मौके पर नहीं पहुंचने से परिजन नाराज हो गए। उन्होंने हरदोई राजमार्ग जाम करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे एसीपी ज्ञानेंद्र सिंह ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद युवक की तलाश शुरू कराई गई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.