अबकी बकरीद बकरा किस्तों पर, लेंगे क्या?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस बकरीद महंगे हुए बकरे आम लोगों की पहुंच से बाहर हो गए हैं। लोग मोटी रकम खर्च करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
ऐसी स्थिति में बाजारों में नए-नए तरीके को आजमाया जा रहा है। अब तक सामूहिक कुर्बानी का दस्तूर था, लेकिन अब लोग किश्तों पर बकरों को खरीद कर कुर्बानी कराने को तैयार हैं। जबकि इसको लेकर उलमा एकमत नहीं है।
कोई इसे जायज और कोई इसे नाजायज ठहरा रहा है। महंगाई का असर इस बार बकरा बाजारों पर इस कदर हावी है कि राजधानी की बकरा मंडी में बकरों के भाव आसमान छू रहे हैं।
दस हजार से दो लाख तक के बकरों की कीमतों से लोग परेशान हैं। वहीं इस बार सामूहिक कुर्बानी को लेकर कम से कम हिस्सा 1500 रुपये लिया जा रहा है।
मौलाना सैफ अब्बास नकवी का कहना है कि कुर्बानी कराने के लिए अगर उधार लिया जाए तो कोई हर्ज नहीं है लेकिन उसे साल पूरा होने से पहले अदा करना जरूरी होगा।
फाइनेंसर भी हाजिर हैं जनाब...
बाजारों में फाइनेंसर चक्कर काटने लगे हैं। लोग फाइनेंस कराकर बकरों को खरीदना भी शुरू कर चुके हैं। घंटाघर के सामने 10 से 80 हजार रुपये तक के बकरे के अलावा लाख व दो लाख के बकरे भी बाजार में बिक रहे हैं।
जो आम आदमी की पहुंच से बाहर हैं। व्यापारियों की मानें तो वे माल लाने के लिए फाइनेंस कराते हैं वहीं अब ग्राहक भी फाइनेंस के लिए तैयार हैं।
सुन्नी धर्मगुरु मौलाना अब्दुल वली फारूकी का कहना है कि ऐसी कुर्बानी की इस्लाम इजाजत नहीं देता।
शॉपिंग साइट पर भी हो रही बिक्री
ई-कॉर्मेस ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट का दायरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। यहां अब सिर्फ कपड़े, जूते और स्मार्टफोन की ही खरीदफरोख्त नहीं होती है। हाल ही में ऑनलाइन वेबसाइट स्नैपडील ने कार की बुकिंग की भी सर्विस शुरू की है। इतना ही नहीं अब यहां बकरें भी खरीदे और बेच जा सकते हैं।
आमतौर पर गांव की बाजारों और शहर की सड़क के किनारे बिकने वाले बकरे अब OLX वेबसाइट पर बिक्री के लिए मौजूद हैं।
पुरानी चीजों की बिक्री के लिए OLX एक लोकप्रिय वेबसाइट है जिसपर आप अपने कोई भी पुरानी चीज बेच सकते हैं, साथ ही ऐसी चीजों की खरीदारी भी कर सकते हैं। अब कुर्बानी के लिए लोग OLX पर अपने-अपने बकरे बेच और खरीद रहे हैं।
वेबसाइट पर बकरों की कीमत
देश भर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) 6 अक्टूबर को मनाई जानी है। इस त्योहार में बकरे की कुर्बानी दी जाती है। हर साल बाजार में बकरों की मांग और दाम दोनों ही बढ़ा जाते हैं।
ओएलएक्स पर बकरों की बिक्री के लिए कई विज्ञापन दिए गए हैं। बरेली, मेरठ, पटना, पुणे, दिल्ली जैसे कई शहरों के लोग यहां अपने बकरों की बिक्री कर रहे हैं।
ओएलएक्स वेबसाइट पर Bakra सर्च करते ही अलग-अलग कीमत के साथ कई बकरे नजर आ जाएंगे। यहां बकरे की कीमत 14 हजार रुपए से लेकर 50 हजार रुपए तक है।