13 सीटों पर उपचुनाव की कमान संभालेंगे मुख्यमंत्री योगी, मंत्रियों को दिए सुझाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी विधानसभा की 13 सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव में भाजपा की जीत की जिम्मेदारी पूरी तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कंधों पर रहेगी। वे सभी क्षेत्रों का दौरा कर जीत के समीकरणों के अनुसार रणनीति को अंतिम रूप देंगे।
पार्टी हाईकमान के फैसले के अनुसार मुख्यमंत्री ने शनिवार को यहां उपचुनाव वाली सीटों के लिए प्रभारी बनाए गए मंत्रियों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की और जमीनी स्थिति को समझा।
बैठक में संबंधित मंत्रियों को उपचुनाव वाले इलाकों में सक्रियता बढ़ाने और वहां लोगों से लगातार संपर्क रखने को कहा गया। माह में कम से कम दो बार संबंधित क्षेत्रों का दौरा करने को भी कहा गया है। बैठक में कुछ और मंत्रियों को भी चुनाव वाले क्षेत्रों में लगाने का निर्णय हुआ।
तय किया गया कि उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य को महाराष्ट्र का सह प्रभारी बनाए जाने के बाद कानपुर में अब नंदगोपाल नंदी भी उनके सहयोग में उपचुनाव के नजरिये से सक्रिय रहेंगे। इसी तरह आशुतोष टंडन के प्रदेश चुनाव अधिकारी बनने से राजधानी की कैंट सीट पर उनके सहयोगी के रूप में सतीश महाना को लगाने का फैसला किया गया। भूपेंद्र चौधरी को हरियाणा का सहप्रभारी बनाने के कारण उनके साथ गंगोह में मंत्री धर्मसिंह सैनी को लगाने का फैसला किया गया।
'इस तरह बनाएं जीत के समीकरण'
बैठक में मंत्रियों और पदाधिकारियों से कहा गया कि वे चुनाव तक लगातार संबंधित क्षेत्रों में सक्रिय रहें। जीत के समीकरणों को दुरुस्त करने के लिहाज से काम करें। संगठन के मोर्चा और प्रकोष्ठों की बैठकें करने के साथ यह जानकारी भी जुटाएं कि किस तरह और किन लोगों को साथ लेकर जीत के समीकरण और मजबूत किए जा सकते हैं।
मंत्रियों से भी अपेक्षा की गई कि वे संबंधित क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और कामों की मॉनिटरिंग करें। अगर कहीं किसी पात्र व्यक्ति को किसी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है तो उसे वह दिलाएं। इसके अलावा कहीं किसी व्यक्ति के साथ कुछ अन्याय हो रहा है या उसकी कोई अन्य समस्या सामने आती है तो अधिकारियों से बात करके उसका समाधान कराएं।
अगली बैठक में मंत्रियों को अपने क्षेत्रों की रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल भी शामिल हुए।