मेधावियों को सीएम योगी की नसीहत, शॉर्टकट न अपनाएं अपनी प्रतिभा का इस्तेमाल करें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेधावियों को सम्बोधित करते हुए उन्हें सफलता की बधाई दी। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों को अपने जीवन में सिद्घांतों का पालन करना चाहिए। एक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा अगर हम सफाई की बात किताबों में पढ़ते हैं, तो उसे जीवन में भी उतारें। उन्होंने छात्रों से स्वच्छ भारत अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।
सीएम योगी 'अमर उजाला' द्वारा राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 'मेधावी छात्र सम्मान समारोह' में छात्रों से रू-ब-रू थे।
नकल विहीन परीक्षा पर बात करते हुए बच्चों को संबोधित कर कहा कि जीवन में सफल होने के लिए संतुलन बनाकर रखें और शॉर्टकट न अपनाएं। परीक्षा में नकल न करें। अपनी प्रतिभा का पूरा उपयोग करें।
योगी ने शिक्षा व्यवस्था को सरल बनाने का वादा किया। कहा, हमारी कोशिश है कि हम छात्रों को ऐसी शिक्षा दें जिससे पढ़ाई को लेकर उनका भय खत्म हो सके।
उन्होंने नकल विहीन परीक्षा पर सरकार की कोशिशों का जिक्र करते हुए बताया कि इस बार हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में हमने 12 लाख मुन्नाभाइयों को परीक्षा में शामिल होने से रोका। ये दूसरे राज्यों से आने वाले लोग थे। सरकार ने इन्हें रोककर परीक्षा की पवित्रता बनाए रखी।
‘अमर उजाला’ सात वर्षों से प्रदेश के मेधावियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन कर रहा है, इसके लिए सीएम ने 'अमर उजाला' को बधाई दी।
समारोह में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में राज्य स्तर पर मेरिट में पहले 10 स्थान पर आने वाले 97 मेधावियों के साथ जिला स्तर पर मेरिट में प्रथम स्थान हासिल करने वाले 134 मेधावियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा, परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह व शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह मौजूद रहे।
विद्यार्थियों ने कहा-
'अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह' में विद्यार्थियों ने अपनी सफलता के अनुभव बांटे और लखनऊ से जुड़ी अपनी यादें साझा कीं-
आर्या त्रिपाठी ने कहा, मैं पहले जिला टॉपर बनकर लखनऊ आई थी, अब स्टेट टॉपर होकर इस कार्यक्रम का हिस्सा बन रही हूं। यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। इसके लिए 'अमर उजाला' का धन्यवाद।
दीपक पटेल ने कहा कि मैं सबसे पहले देश का सफल नागरिक बनना चाहता हूं। वहीं, लखनऊ के बारे में उन्होंने कहा कि ये शहर बेहद खूबसूरत है।
ऐश्वर्या गोले ने कहा कि 'अमर उजाला' ने लखनऊ घूमने का मौका दिया, इसके लिए 'अमर उजाला' का शुक्रिया। यहां के पार्क बहुत अच्छे लगे।