कुछ लोग टीकाकरण में भी देखते हैं षड्यंत्र, ये समाज के प्रति अपराध: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक तबके के लोग पल्स पोलियो ड्रॉप में भी अपने खिलाफ षड्यंत्र देखते थे, जिससे पोलियो के खिलाफ जंग लड़ने में हम कई बार पिछड़े। टीकाकरण अभियान का बहिष्कार समाज और राष्ट्र के प्रति अपराध है। उन्होंने यूपी की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने का दावा करते हुए कहा, जल्द ही हर तीन लोकसभा क्षेत्रों पर एक मेडिकल कॉलेज होगा।
मुख्यमंत्री शनिवार को विश्व क्षय दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से इंदिरा प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने प्रदेश से टीबी (क्षय रोग) के समूल नाश का आह्वान किया। कहा कि हमें यह काम मिशन की तरह पूरा करना होगा। कुछ लोग पल्स पोलियो अभियान में भी षड्यंत्र महसूस करते थे। यही वजह है कि इस अभियान में आजमगढ़ समेत यूपी के कई हिस्से पिछड़ गए। जो कोई भी ऐसी धारणा रखता है, वह न सिर्फ अपने बच्चों के खिलाफ षड्यंत्र कर रहा होता है, बल्कि मानवता के प्रति भी अपराध करता है। राष्ट्र समाज के लिए समस्या बन जाता है।
टीबी मरीजों को 500 रुपये देता है केंद्र
उन्होंने कहा, हमें 2025 तक देश से टीबी को उखाड़ फेंकना है। जनसहभागिता और जागरूकता से ही इस लक्ष्य को पाया जा सकता है। जागरूकता के अभाव में टीबी रोगी झोला छाप या प्राइवेट डॉक्टरों के चंगुल में फंस जाते हैं। उन्हें पता ही नहीं रहता कि सरकार इस बीमारी का मुफ्त इलाज करवाती है। कुछ लोग इसके प्रति रूढ़िवादी दृष्टिकोण अपनाते हैं, जो उचित नहीं है। योगी ने कहा, अमूमन गरीबों को ही यह बीमारी होती है, इसलिए उनके ठीक खानपान के लिए केंद्र सरकार 500 रुपये प्रति माह की मदद भी दे रही है।
15 वर्ष तक के हर बच्चे को टीका
सीएम ने कहा, 2 से 16 अप्रैल तक इन्सेफेलाइटिस के खिलाफ अभियान चलेगा। पूर्वी उप्र के 38 जिले इस घातक बीमारी की चपेट में आते हैं। इसके साथ टीबी उन्मूलन अभियान को भी जोड़ना चाहिए। पहले इन्सेफेलाइटिस के टीके मई-जून में लगते थे, जबकि वही रोग फैलने का वक्त होता है। इसलिए हमारी सरकार ने अप्रैल में टीकाकरण अभियान चलाने का फैसला किया है। 1-15 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को टीका लगेगा।
14 नए मेडिकल कॉलेज जल्द
उन्होंने कहा, प्रदेश में अभी 13 मेडिकल कॉलेज हैं। छह निर्माणाधीन हैं, जबकि आठ कॉलेज और बनाने की घोषणा केंद्र सरकार ने की है। इनके बनने से तीन लोकसभा क्षेत्र पर एक मेडिकल कॉलेज हो जाएगा।