फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   yogi adityanath declaration on completing one year.

एक साल पूरे होने पर युवाओं को योगी की सौगात, यूपी में इसी साल मिलेंगी चार लाख नौकरियां

Tue, 20 Mar 2018 01:35 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ Updated Tue, 20 Mar 2018 01:35 AM IST
विज्ञापन
yogi adityanath declaration on completing one year.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - फोटो : amar ujala

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार के एक साल पूरा होने के मौके पर सोमवार को जनता को भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘एंटी करप्शन पोर्टल’ का हथियार सौंप दिया। साल भर में चार लाख नौकरियां देने का वादा और किसानों के लिए मिट्टी रायल्टी फ्री करने का एलान किया। उन्होंने भूमाफिया के खिलाफ अभियान के तहत गरीबों और भूमिहीनों को पट्टा दिलाने की घोषणा की। ईंट के दाम घटाने पर भट्ठे में इस्तेमाल होने वाली मिट्टी भी रायल्टी फ्री कर दी जाएगी।

विज्ञापन


माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने उपचुनावों से सबक लेते हुए और भ्रष्टाचार को लेकर लोगों की बढ़ती नाराजगी को देखते हुए ये एलान किए हैं। लोकभवन में ‘एक साल-नई मिसाल’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने जब सत्ता संभाली थी, तब भ्रष्टाचार चरम पर था।
विज्ञापन


चयन आयोगों की भर्ती तक पर कोर्ट से रोक लगी हुई थी। उनकी सरकार ने पहले समूह ‘ग’ व ‘घ’ की नौकरियों में इंटरव्यू खत्म कर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया। शासन-व्यवस्था में लिप्त भ्रष्ट लोगों की स्क्रीनिंग कराई और 192 भ्रष्ट अधिकारियों को सेवानिवृत्ति दी। 415 कर्मियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई। यह अभियान अब और तेज होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


युवाओं को इसी साल देंगे चार लाख नौकरियां
युवाओं के लिए इसी साल चार लाख नौकरियों का एलान करते हुए योगी ने कहा कि 64 विभागों ने 4 लाख से अधिक रिक्त पदों को भरने के लिए चयन आयोगों को अधियाचन भेज दिया है। इसमें दरोगा, सिपाही, शिक्षक, बीडीओ, ग्राम विकास अधिकारी, नगर निकायों में अधिशासी अधिकारी, लेखपाल जैसे पदों की नौकरियां शामिल हैं। वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट योजना के तहत अगले तीन साल में 20 लाख लोगों को रोजगार मिलेंगे।

किसानों को मिट्टी के लिए अनुमति जरूरी नहीं

yogi adityanath declaration on completing one year.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकार किसानों के लिए मिट्टी रायल्टी फ्री कर रही है। अब किसान मिट्टी कहीं से कहीं ले जा सकते हैं। कोई भी पुलिस या राजस्व कर्मी प्रताड़ित करेगा, तो उसकी जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ईंट भी सस्ती होगी, विकास प्रोजेक्ट भी तेजी से आगे बढ़ेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि ईंट-भट्ठा मालिक ईंट के दाम घटा दें तो सरकार ईंट-भट्ठों के इस्तेमाल होने वाली मिट्टी भी रायल्टी फ्री कर देगी। इससे डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की लागत कम हो जाएगी।

गरीबों-भूमिहीनों को पट्टा देगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी व सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा छुड़ाने के लिए गठित एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स का अभियान जारी रहेगा। लेकिन गरीबों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। यदि किसी गरीब-भूमिहीन ने सरकारी जमीन पर झोपड़ी बना रखी है, तो उसे उजाड़ने के बजाय सार्वजनिक जमीन पर पट्टा दिलाने की व्यवस्था होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार मिटाने केलिए कृतसंकल्प है। इसके लिए आज से ही एंटी करप्शन पोर्टल शुरू किया जा रहा है। इस पोर्टल पर लोग भ्रष्ट लोगों के कारनामे वीडियो, ऑडियो में अपलोड कर सकेंगे। सरकार उसकी जांच कर कड़ी कार्रवाई करेगी। पोर्टल पर सूचना अपलोड करने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

गुंडाराज, भ्रष्टाचार, अराजकता व विभाजनकारी नीति से मुक्त हुआ यूपी

yogi adityanath declaration on completing one year.
इस मौके पर मौजूद (बायें से) डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, सीएम योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल रामनाईक व डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य। - फोटो : amar ujala

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां लोकभवन में सोमवार को अपनी सरकार के एक साल के कामों का हिसाब दिया। कहा, उनकी सरकार को विरासत में खजाना खाली मिला था। कर्मचारियों को वेतन देने तक की चुनौती थी। प्रदेश में जंगलराज था तो अराजकता चरम पर थी। परिवारवाद, जातिवाद और मत-मजहब के आधार पर समाज को बांटने की नीति लागू थी।

राज्य की 1.21 लाख किमी सड़कें गड्ढे से भरी हुई थीं। बिजली में वीआईपी कल्चर लागू था और महज चार जिलों को ही ठीक से बिजली मिलती थी। किसान आत्महत्या कर रहा था। बैंक लोन देने को तैयार नहीं थे। उद्योगपति पलायन कर रहे थे। नई नौकरियों पर रोक लगी थीं। ऐसी परिस्थितियों में काम किसी चुनौती से कम नहीं था। बावजूद इसके उनकी सरकार ने प्रदेश को इन हालातों से मुक्त किया। किसान, नौजवान, गरीब और महिलाओं को केंद्र में रखकर कल्याणकारी कार्य किए व लोक कल्याण संकल्प पत्र के तमाम वादों को पूरा किया। इससे परिस्थितियों बदलीं और लोगों में नया विश्वास जागृत हुआ है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की बिगड़ी परिस्थितियों में एक साल किसी सरकार के मूल्यांकन का पर्याप्त समय नहीं होता है। लेकिन उनकी सरकार ने विपरीत परिस्थितियों में पहली ही कैबिनेट में किसानों से कर्जमाफी का वादा पूरा किया। इस तरह एक वर्ष में धान व गेहूं के समर्थन मूल्य, गन्ना बकाये और किसान कर्जमाफी के रूप में उनके खाते में 80 हजार करोड़ रुपये डीबीटी के जरिए भेजे। इसके लिए कोई नया कर नहीं लगाया और न ही किसी वित्तीय संस्थान से कर्ज लिया गया। इस तरह फिजूलखर्ची रोक कर कर्जमाफ करने वाला यूपी देश का पहला राज्य बना।
 

उन्होंने बताया कि पूरे देश में निवेश के लिए सबसे बेहतर माहौल यूपी में बनाया। एक समय था, जब कोई निवेश आना नहीं चाहता था, अब निवेशकों ने खुद आकर 4.68 लाख करोड़ के एमओयू किए। सामानों की खरीद में पारदर्शिता की पहल की और जैम पोर्टल लागू किया। यही नहीं, पुलिस की कमी के बावजूद कानून-व्यवस्था में आमूल-चूल बदलाव किया। इसमें उन्हें संगठन व मंत्रिमंडल के साथियों के साथ ही आमलोगों का पूरा सहयोग मिला। उनकी सरकार ने जनता के प्रति जवाबदेही के साथ कदम बढ़ाया है। आने वाले दिनों में प्रदेश के विकास का काम तेज होता जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी ने बताईं प्रमुख उपलब्धियां व एजेंडा

yogi adityanath declaration on completing one year.

- एंटी रोमियो स्क्वाड ने महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाया।
- अवैध बूचड़खानों पर प्रहार किया।
- ई-ऑफिस 22 विभागों में लागू की, पूरे प्रदेश में लागू करेंगे।
- खनन पर एनजीटी व कोर्ट की रोक थी। सभी बाधा दूर कर खनन पट्टे कराए। मोरंग, गिट्टी की उपलब्धता सुनिश्चित कराई।

- एक लाख किमी. से अधिक सड़कों को गड्ढामुक्त किया।
- पहले चार जिले ही बिजली ठीक से पाते थे। अब सभी जिला मुख्यालयों को 24 घंटे, तहसीलों को 20 व गांवों को 18 घंटे बिजली दी।
- लखनऊ में मेट्रो शुरू किया। कानपुर, आगरा व मेरठ में इसके लिए काम शुरू होंगे।
- 26 तहसीलों व 81 ब्लॉक मुख्यालयों को टू-लेन सड़कों से जोड़ेंगे।

- अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़ी 54 सड़कें बनाई जाएंगी। ऐसे स्थानों पर तोरणद्वार बनेंगे।
- 250 आबादी वाली 1500 बस्तियों को सड़कों से जोड़ेंगे।
- 62 हजार मजरों में बिजली पहुंचाएंगे व 80 लाख गरीब परिवारों को नि:शुल्क बिजली कनेक्शन देंगे।
- 400 पावर सब स्टेशन और 15 हजार ट्रांसफार्मर की व्यवस्था करेंगे।

- 1.75 करोड़ किसानों को स्वायल हेल्थ कार्ड देंगे।
- आलू किसानों की समस्या के समाधान के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन पोटेटे व आलू विकास बोर्ड की स्थापना की जाएगी।
- इस साल 10 लाख गरीबों को आवास मुहैया कराएंगे।
- हर मंडल मुख्यालय पर ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर बनेगा।

प्रयाग में स्थापित करेंगे मल्टीमीडिया कुंभ म्यूजियम

yogi adityanath declaration on completing one year.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयाग में मल्टीमीडिया कुंभ म्यूजियम बनाया जाएगा। इसमें देवासुर संग्राम से अब तक की यात्रा का विजुअल प्रजेंटेशन होगा। इसके अलावा अयोध्या में दीपोत्सव, बरसाना में रंगोत्सव, काशी में देवदीपावली, चित्रकूट में संकीर्तन को प्रोत्साहित किया जाएगा।

50 पिंक बसें शुरू होंगी, 10 की कमान महिलाओं को
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के लिए 50 पिंक बसें चलाने का एलान किया। कहा, इनमें से 10 बसों में ड्राइवर व कंडक्टर की जिम्मेदारी भी महिलाएं निभाएंगी। इन बसों में सीसीटीवी कैमरा और पैनिक बटन की व्यवस्था होगी।

गरीब और दलित विरोधी थीं पिछली सरकारें
योगी ने कहा कि पिछली सरकारें गरीबों, पिछड़ों व दलितों के हित की बड़ी-बड़ी बातें करती थीं, लेकिन उनके लिए कोई काम नहीं किया। पिछली सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना को प्रदेश में ठीक से लागू ही नहीं होने दिया। उनकी सरकार ने एक साल में 11 लाख मकान दिए। इतना ही नहीं, इस एक साल में 41.5 लाख शौचालय बनाकर गरीबों को दिए गए। आठ जिले खुले में शौचालय मुक्त घोषित किए गए।

बोर्ड परीक्षा में होते थे नकल के ठेके, अब हो रहा नकलमुक्त परीक्षा

yogi adityanath declaration on completing one year.

योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में नकलविहीन परीक्षा सपना था। नकल के ठेके होते थे। उनकी सरकार ने नकलविहीन परीक्षा की ओर कदम बढ़ाया। नकल माफिया पर अंकुश लगा। 12 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। योगी ने खुलासा किया कि इनमें 75 प्रतिशत का यूपी से कोई लेना-देना नहीं था। ये मुन्नाभाई थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा व परीक्षा की प्रणाली को अधिक सरल बनाने जा रहे हैं। इसी सत्र से स्कूलों में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा, बेसिक स्कूलों में भी पूरी व्यवस्था बदल रही है।

हर महीने रोक रहे 35 करोड़ का अनाज घोटाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि  इस एक साल में 30 लाख फर्जी राशनकार्ड पकड़े। इसके अलावा 36 लाख पात्र लोगों को पात्र गृहस्थी व एक लाख को अंत्योदय कार्ड दिए। 13 हजारों राशन दुकानों को पीओएस मशीन दी गईं, इससे अब किसी भी दुकान से राशन लिए जा सकते हैं। जून तक सभी 80 हजार दुकानों में यह सुविधा शुरू हो जाएगी। अभी 35 करोड़ का खाद्यान्न घोटाला हर महीने रोक रहे हैं। सभी दुकानों में मशीन लगने से और बचत होगी।

चुनौतियों में अटल की सीख बनी सहारा
मुख्यमंत्री ने सरकार के सामने आई चुनौतियों से पार पाने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की कविता का सहारा लिया। योगी ने कहा- बाधाएं आती हैं आएं, घिरे प्रलय की घोर घटाएं/ पांवों के नीचे अंगारे, सिर पर बरसें यदि ज्वालाएं/ निज हाथों में हंसते-हंसते, अग्नि प्रज्वलित जलना होगा/ कदम मिलाकर चलना होगा... कदम मिलाकर चलना होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed