मुख्यमंत्री योगी का दावा, रायबरेली-अमेठी सहित यूपी में जीतेंगे 75 लोकसभा सीटें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दावा है कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश में 75 सीटें जीतेगी। उनका कहना है कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और सभी मौजूदा सहयोगी दल लोकसभा चुनाव में भी भाजपा के साथ रहेंगे।
प्रदेश की जनता जातिवाद के मुद्दे को पहले ही नकार चुकी है, इसीलिए सपा-बसपा हाशिये पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के 16 महीने के शासनकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। लोग अपने को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कानून-व्यवस्था को लेकर निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। यही वजह है कि प्रदेश में बड़ा निवेश आ रहा है।
मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर सीएम ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा कम से कम 75 सीटों पर जीत हासिल करेगी और रायबरेली-अमेठी की सीटें भी जीतेगी।
जनता के हित में किए गए काम का मिलेगा फायदा
कहा कि सपा-बसपा चाहे जितना जोर लगा लें या जातिवाद के मुद्दे को उभारने की कोशिश करें, उन्हें कामयाबी नहीं मिलने वाली। हमारी सरकार ने जनता के हित में जो काम किए हैं उसका फायदा चुनाव में जरूर मिलेगा। हमारी सरकार ने सभी वर्गों के लिए काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 16 महीने में उन्होंने प्रदेश के सभी 75 जिलों का दौरा किया। इस दौरान उन्हें लोगों से मिलने और उनकी समस्याओं को जानने-समझने का मौका मिला। उन समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार ने प्रभावी कदम भी उठाए हैं।
60 हजार करोड़ के निवेश से दो लाख अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि 29 जुलाई को 60 हजार करोड़ की निवेश परियोजनाओं का शिलान्यास हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी में इसका शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश में करीब 2 लाख लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
इसी तरह राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 10 अगस्त को आ रहे हैं। वह एक जिला एक उत्पाद समिट का शुभारंभ करेंगे। इससे परंपरागत उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा और बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।