इन खास स्कूलों में अब लिखित परीक्षा से होगा दाखिला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूबे के सभी आश्रम पद्धति विद्यालयों में प्रवेश के लिए अब प्रदेश स्तर पर लिखित परीक्षा होगी। इसके लिए शासन ने 14 फरवरी की तारीख तय की है। मुख्य सचिव की ओर से जारी शासनादेश में प्रवेश परीक्षा की जिम्मेदारी हर जिले में डीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी को दी गई है।
प्रदेश में 94 आश्रम पद्धति विद्यालय हैं, जिनमें कक्षा-6 से 12 तक की पढ़ाई होती है। हर विद्यालय में 490 छात्रों के रहने-खाने और पढ़ने की व्यवस्था है। इन विद्यालयों में 85 प्रतिशत ग्रामीण व 15 प्रतिशत शहरी क्षेत्रों के छात्र लिए जाने का नियम है।
60 प्रतिशत अनुसूचित जाति व जनजाति, 25 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग व 15 प्रतिशत सामान्य वर्ग के छात्रों को दाखिला दिया जाता है। अभी तक इन विद्यालयों में प्रवेश के लिए कोई निश्चित नियम नहीं था।
14 फरवरी को होगी लिखित परीक्षा
जिलास्तरीय अधिकारी अपने विवेक से दाखिला दे देते थे। इसमें तमाम गड़बड़ियों की शिकायतें मिली थीं। इस पर शासन ने प्रवेश परीक्षा कराने का फैसला किया। सत्र 2016-17 में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 14 फरवरी को होगी व रिजल्ट 5 मार्च को घोषित कर दिया जाएगा।
छात्रों के नामांकन कराने की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई है। नए बनाए गए विद्यालयों में कक्षा-6, 7 और 8 में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा होगी, जबकि पहले से चल रहे विद्यालयों में सिर्फ कक्षा-6 के लिए परीक्षा होगी। सभी आश्रम पद्धति विद्यालयों में प्रवेश की प्रक्रिया राज्य स्तर पर जारी कार्यक्रम के अनुसार होगी।