नसबंदी के बाद महिलाओं को सीलन भरे फर्श पर लिटाया, छटपटाती रहीं महिलाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएचसी जाटा बरौली के महिला नसबंदी कैंप में डॉक्टर ऑपरेशन के बाद महिलाओं को सीलन भरे फर्श पर लिटाते रहे। कुछ की तो हालत भी गड़बड़ा गई। सीएमओ ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
बंकी ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाटा बरौली में गुरुवार को नसबंदी कैंप में आशा बहुओं द्वारा 37 महिलाओं को नसबंदी कराने के लिए लाया गया था। कैंप में आलम यह था कि डॉक्टर ही दस बजे तक नहीं पहुंचे, इसके चलते महिलाओं को घंटों इंतजार करना पड़ा।
जब अधीक्षक डॉ. ओम प्रकाश कुरील पहुंचे तो महिला चिकित्सक नदारद मिलीं जिससे नसबंदी से पहले की जांच भी बिलंब से हुई। कुछ देर बाद पुरुष डॉक्टरों द्वारा जांच की गई। जांच के बाद सर्जन एमके गुप्ता ने महिलाओ की नसबंदी शुरू की।
अस्पताल प्रशासन व डॉक्टरों ने बरती लापरवाही
नसबंदी कराने आई राधा देवी, संतोष, पम्मी निवासी नारे का पुरवा, जोशम निवासी पल्हरी डल्लू खेड़ा की पुष्पादेवी व ज्वारी की उमादेवी समेत 27 महिलाओं को ऑपरेशन थियेटर से निकालकर बेड पर न लिटा कर सीलनयुक्त फर्श पर लिटा दिया गया।
इस दौरान कुछ महिलाओं की तबीयत भी बिगड़ गई। वहां मौजूद लोगों का कहना था कि अस्पताल प्रशासन व डॉक्टर द्वारा जमकर लापरवाही बरती गई। ऑपरेशन के बाद कुछ महिलाएं तो दवाओं के अभाव में फर्श पर पड़ी छटपटाती रहीं।
महिला नसबंदी कैंप में नसबंदी के बाद मरीजों को बेड पर न लिटाकर फर्श पर लिटाना गंभीर मामला है। मामले की जांच के बाद लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. डीआर सिंह, सीएमओ