पश्चिमी यूपी में आज फिर गिर सकता है आंधी-तूफान का कहर, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी समेत 13 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों में सोमवार को आंधी-तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है। गृह मंत्रालय ने भारतीय मौसम विभाग के हवाले से रविवार को इस संबंध में चेतावनी जारी की है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्त के अनुसार पश्चिमी यूपी में तेज आंधी आ सकती है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह धूल भरी आंधी, तेज बारिश और बिजली गिरने से पांच राज्यों में 124 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 300 से ज्यादा घायल हो गए थे।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में ओलावृष्टि के साथ बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर भी गरज-बरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। चार राज्यों में आने वाले तूफान का असर मानसून पर नहीं पड़ेगा।
आगरा में ऐसी दहशत... 15 मिनट की हल्की आंधी से ही सहम गए लोग
पिछले हफ्ते तूफान से तबाही का मंजर देख चुके आगरा के लोगों की आंखों में इतना खौफ है कि रविवार को करीब 15 मिनट की हल्की आंधी में ही दहशत में आ गए। दोपहर करीब पौने चार बजे शुरू हुई आंधी ने लोगों को डरा दिया। हालांकि इसके बाद मौसम सामान्य हो गया। एत्मादपुर, खंदौली समेत कुछ इलाकों में बारिश हुई। एत्मादपुर में ओले भी गिरे। मथुरा में भी ओले पड़े।
प्रदेश में तीन मौतें
आंधी के दौरान बांदा में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई जबकि फतेहपुर में पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं, मैनपुरी जिले के बरनाहल क्षेत्र आंधी के दौरान पेड़ गिरने से उसके नीचे दबकर इकहरा निवासी बालिका की मौत हो गई। फिरोजाबाद में आंधी-तूफान से चार लोगों के घायल होने की खबर है।
प्रभावित परिवारों को 24 घंटे में आर्थिक सहायता देने का निर्देश
लखनऊ। राहत आयुक्त संजय कुमार ने रविवार को आपदा प्रभावित जिलों के डीएम से बात कर तत्काल राहत का काम शुरू कराने और 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता दिलाने का निर्देश दिया है।