सीएम योगी बोले, स्मार्ट सिटी के लिए फिर से भेजेंगे यूपी के पांच शहरों के नाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि मेरठ, रायबरेली, गाजियाबाद, सहारनपुर व रामपुर को स्मार्ट सिटी परियोजना में शामिल कराने के लिए फिर से प्रस्ताव तैयार कराकर केंद्र को भेजे जाएंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के शहर झांसी, क्राफ्ट नगरी अलीगढ़ एवं संगम नगरी इलाहाबाद को स्मार्ट सिटी परियोजना में शामिल करके केंद्र सरकार ने यह संदेश दिया है कि विकास के मुद्दे पर कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।
गत 5 मई को लखनऊ में वेंकैया नायडू के साथ हुई बैठक का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बैठक में प्रदेश के अन्य शहरों को स्मार्ट सिटी परियोजना में शामिल कराने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई थी।
पहले से चयनित शहरों में समय से पूरे होंगे विकास कार्य
योगी ने कहा कि स्मार्ट सिटी के लिए पहले से चयनित लखनऊ, वाराणसी, कानपुर व आगरा में मानक के मुताबिक आधारभूत सुविधाओं एवं सेवाओं के विकास से संबंधित काम शुरू करा दिए गए हैं।
कई परियोजनाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इससे शहरों की स्थिति में पर्याप्त सुधार होगा और जनता को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना में चयनित शहरों के विकास में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।