{"_id":"ec67e9d51fc0aae32f1fafb0cc9cc00d","slug":"water-scarcity-in-capital-1","type":"story","status":"publish","title_hn":"शहर में तीन दिन रहेगा पानी का संकट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शहर में तीन दिन रहेगा पानी का संकट
प्रवेंद्र/लखनऊ
Updated Sun, 08 Dec 2013 02:28 AM IST
विज्ञापन
करीब आधे शहर में मंगलवार से पेयजल आपूर्ति ठप हो जाएगी और अगले तीन दिन तक ये संकट जारी रहेगा।
विज्ञापन
दरअसल, नौ दिसंबर को ऐशबाग जलकल से गऊघाट तक डाली गई नई राइजिंग मेन लाइन को कनेक्ट करने का काम शुरू होगा और यह 11 दिसंबर को पूरा होगा।
इस दौरान ऐशबाग जलकल से जुड़े पांच जोनल पम्पिंग स्टेशनों को पानी नहीं मिलेगा। इससे इन पम्पिंग स्टेशनों से जुड़े कई दर्जन इलाकों में पेयजल आपूर्ति बंद रहेगी।
वहीं, जलकल विभाग ने पेयजल संकट कम करने के लिए पुरानी राइजिंग मेन लाइन को चालू रखने का निर्णय लिया है। इससे सुबह के समय ऐशबाग जलकल से जुड़े इलाकों में पेयजल आपूर्ति हो जाएगी।
विज्ञापन
जबकि शाम को टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति की जाएगी। जलकल अभियंताओं की शनिवार शाम हुई विशेष बैठक में यह निर्णय लिया गया।
महाप्रबंधक जलकल आरपी वर्मा ने बताया कि पेयजल संकट कम करने के लिए दो पुरानी राइजिंग मेन लाइनों को चालू रखा जाएगा।
इससे गऊघाट से ऐशबाग जलकल को करीब 70 एमएलडी (मिलियन लीटर डेली) पानी मिल जाएगा और नई लाइन कनेक्ट करने के दौरान भी सुबह पेयजल आपूर्ति की जा सकेगी।
हालांकि शाम को टैंकरों से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। अभी ऐशबाग जलकल से रोजाना करीब 170 एमएलडी पानी सप्लाई किया जाता है।
उन्होंने बताया कि नौ दिसंबर की सुबह पेयजल आपूर्ति करने के बाद लाइन कनेक्ट करने का काम शुरू किया जाएगा। लोगों से अपील है कि वह समुचित मात्रा में पेयजल का भंडारण कर लें ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन