राज्यसभा चुनाव: सीएम आवास पर विधायकों को दिया गया मतदान प्रशिक्षण, नरेश अग्रवाल के बेटे भी पहुंचे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्यसभा चुनाव के लिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर चल रही भाजपा व सहयोगी दल के विधायकों की बैठक में नरेश अग्रवाल के बेटे नितिन अग्रवाल भी पहुंचे। नरेश अग्रवाल अभी हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने पहले ही ऐलान कर दिया था कि उनके बेटे सपा विधायक नितिन अग्रवाल राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को वोट करेंगे।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित डिनर में राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई और सहयोगी दलों के विधायकों को मतदान का प्रशिक्षण दिया गया। अभी तक भाजपा से नाराज चल रहे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और राज्य सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर भी बैठक में पहुंचे। उन्हें मंच पर जगह दी गई।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात के बाद उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को ही वोट देने की घोषणा की है।
बैठक में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार अनिल जैन सहित भाजपा व सहयोगी दलों के विधायक मौजूद रहे।
भाजपा ने रात्रिभोज संग बनाई चुनावी रणनीति
उपचुनाव में पराजय मिलने के बाद भाजपा राज्यसभा चुनाव को लेकर काफी सजग हो गई है। बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित रात्रिभोज में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विधायकों को उनकी अपेक्षाओं और सरोकारों का ध्यान रखने का आश्वासन देकर उनके गिले-शिकवे दूर करने की कोशिश की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने भी विधायकों से बात कर वोटों के समीकरण ठीक करने का प्रयास किया।
एक-एक वोट सहेजने की कोशिश
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रवक्ता राणा अजित सिंह के दोपहर में दिए इस बयान पर कि उन्हें बैठक का निमंत्रण नहीं मिला है, भाजपा के रणनीतिकार सचेत हुए। मुख्यमंत्री की तरफ से तुरंत भासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर से बातचीत कर उन्हें मुख्यमंत्री आवास बुलाया गया। योगी ने बैठक में आए अपना दल और भासपा के विधायकों से एक-एक करके बात की और उनकी शिकायतें दूर करने की कोशिश की। बैठक में अपना दल के आशीष सिंह और भासपा के अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर को मंच पर जगह दी गई। दोनों दलों के नेताओं ने कहा कि वे पूरी तरह भाजपा के साथ हैं।
नितिन व अमनमणि ने जगाई उम्मीद
बैठक में उस समय भाजपा नेताओं के चेहरे पर चमक दौड़ गई जब सपा विधायक नितिन अग्रवाल और निर्दल अमनमणि त्रिपाठी पहुंच गए। योगी ने कहा कि भाजपा के सभी नौ उम्मीदवार चुनाव जीतेंगे। इसमें दो राय नहीं है। बैठक में विधायकों को वोट डालने का तरीका सिखाया गया।
कल सुबह आवंटित होंगे वोट
जानकारी के अनुसार, कुछ विधायकों ने पूछा कि उन्हें वोट किसे देना है, इस पर संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि यह शुक्रवार सुबह भाजपा विधान मंडल दल कार्यालय में ही बताया जाएगा। भाजपा चुनाव को लेकर काफी गोपनीयता बरत रही है ताकि वोटों में सेंधमारी न हो जाए। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं की देखरेख में दस-दस विधायकों के ग्रुप भी बनाने का फैसला किया गया।