राम मंदिर निर्माण के लिए हर हिंदू परिवार से लिया जाएगा 1 से 10 रुपये का दान, ये है पूरी तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राम मंदिर निर्माण शुरू होने की तारीख तय होने के साथ ही विश्व हिंदू परिषद के रणनीतिकार श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से हर हिंदू परिवार का सरोकार जोड़ने की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। इसके लिए शारीरिक दूरी और सीमित संख्या की शर्तों के साथ व्यापक संपर्क अभियान चलाने की योजना बनाई है।
विहिप कार्यकर्ता हिंदू परिवारों से संपर्क कर उनसे अपने घर में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण की सफलता के लिए भजन-पूजन का अनुरोध करेंगे, उनसे आर्थिक सहयोग मांगेंगे।
हिंदुत्व के पुनर्जागरण के सबसे बड़े अयोध्या आंदोलन की सफलता को अब साकार रूप मिलने जा रहा है तो विहिप इसे हर हिंदू परिवार की आस्था व आकांक्षा का प्रतीक बना देना चाहती है।
कोरोना के कारण अयोध्या में लोगों की बड़ी जुटान नहीं की जा सकती तो विहिप ने लोगों की भावनाओं को श्रीराम मंदिर निर्माण से जोड़ने की योजना बनाई है। विहिप का मानना है कि उसकी योजना से देश व विदेश में रहने वाला प्रत्येक हिंदू परिवार श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को अपना मानेगा।
हर हिंदू परिवार से दक्षिणा दान
सूत्रों के अनुसार, विहिप के शीर्ष नेतृत्व ने हर छोटे-बड़े, गरीब और अमीर व्यक्ति की बराबर भागीदारी को ध्यान में रखते हुए हर हिंदू परिवार से 1 से 10 रुपये की दक्षिणा दान के अभियान का तानाबाना बुना है। कोई व्यक्ति इससे ज्यादा देना चाहता है तो वह चेक या अन्य माध्यम से सीधे दे सकता है लेकिन अभियान के तहत अधिकतम 10 रुपये ही लिए जाएंगे ताकि किसी को हीन भाव का एहसास न हो। अयोध्या आने वाला हर हिंदू परिवार इस मंदिर से अपना भावनात्मक लगाव महसूस कर सके।
...ताकि भावी पीढ़ियां महसूस करें भावनात्मक लगाव
मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेतृत्वकर्ताओं में एक अशोक सिंहल मंदिर आंदोलन को हिंदू शक्ति चेतना का प्रतीक बनाने के साथ ही इसे सामाजिक समरस्ता के सरोकारों से भी जोड़ना चाहते थे। इसीलिए विहिप ने हर हिंदू परिवार से दान लेने की रणनीति बनाई है।
विहिप के एक प्रमुख पदाधिकारी कहते भी हैं कि मंदिर निर्माण के लिए कई बड़े लोग दान देने को तैयार बैठे हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि देश व विदेश के सभी हिंदू परिवार कह सकें कि अयोध्या के ऐतिहासिक श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में उनका धन भी लगा हुआ है। इससे उन परिवारों की भावी पीढ़ियां इस मंदिर के साथ भावनात्मक लगाव महसूस कर सकेंगी।