VIP नंबर प्लेट लगाने के शौकीनों को चुकानी होगी बड़ी कीमत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यदि आपको अपने वाहन के लिए वीआईपी या फिर फैन्सी नंबर चाहिए तो इसके लिए कुछ समय बाद आपको बोली लगानी होगी। जो जितना अधिक पैसा देगा उसे ही नंबर आवंटित किया जाएगा।
चंडीगढ़ की तर्ज पर उत्तर प्रदेश सरकार भी प्रदेश में वीआईपी नंबरों की बोली लगवाने जा रही है। इसके लिए सरकार नियमों में जरूरी संशोधन भी करेगी।
अभी सूबे में वीआईपी या फिर फैन्सी नंबरों को सरकार ने चार श्रेणियों में बांटा हुआ है। चारों श्रेणियों के नंबरों के रेट पहले से तय हैं। नंबरों की सीरीज तीन हजार, छह हजार, साढ़े सात हजार व 15 हजार रुपये की हैं।
कोई भी उपभोक्ता परिवहन विभाग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन नंबर अपने नाम पर रिजर्व कर सकता है। लेकिन अब सरकार इसमें से चुनिंदा नंबरों को छांट कर उनकी बोली लगवाने की तैयारी कर रही है।
इस तरह मिलेंगे गाड़ी के फैंसी नंबर
यदि किसी को 0001, 100, 0101 या फिर 0786 जैसे नंबर चाहिए तो अभी उसके लिए 15 हजार रुपये देने पड़ते हैं। लेकिन इन जैसे फैन्सी नंबरों के लिए कुछ समय बाद बोली लगेगी।
सरकार का मानना है कि बोली लगवाने से सरकार को काफी अधिक राजस्व प्राप्त होगा। हालांकि, इस नई व्यवस्था के लिए परिवहन विभाग को नियमों में बदलाव करना पड़ेगा। विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
इसके लिए सरकार को कैबिनेट में प्रस्ताव लाना पड़ेगा। विभाग ने कैबिनेट नोट तैयार कर अन्य विभागों से राय मांगी है। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसे कैबिनेट में मंजूरी के लिए रखा जाएगा। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद यह व्यवस्था सूबे में लागू हो जाएगी।
50 हजार के स्कूटर के लिए 8 लाख में खरीदा वीआईपी नंबर
दरअसल, सूबे के परिवहन विभाग को यह प्रेरणा चंडीगढ़ से मिली है। वहां मई 2015 में एक बिजनेसमैन ने अपने स्कूटर के लिए 0001 नंबर 8.1 लाख रुपये में खरीदा था। 50 हजार रुपये के स्कूटर के लिए इस व्यक्ति ने आठ लाख रुपये उसकी नंबर प्लेट के लिए खर्च कर दिए।
अभी तक महंगी व एसयूवी कारों के नंबरों के लिए ही लोग ज्यादा पैसा देते थे लेकिन अब स्कूटर के नंबर के लिए भी लोग पैसा खर्च करने लगे हैं। चंडीगढ़ में रजिस्ट्रेशन एवं लाइसेंसिंग अथॉरिटी वीआईपी व फैन्सी नंबरों के लिए बकायदा ऑक्शन करवाती है। इसी को देखते हुए परिवहन विभाग के अफसर सूबे में ऐसी व्यवस्था चाहते हैं।
लखनऊ में वीआईपी नंबरों की मौजूदा रेट
15 हजार रुपये वाले नंबर : 0010, 2000, 2200, 3300, 4000, 4400, 5500, 6600, 7700, 8800 आदि
7500 रुपये वाले नंबर : 0200, 0400, 0600, 1200, 1300, 1500, 1600, 1700,2002, 2100, 2300, 2400, 2500, 2600,3003, 3100, 3400, 3500, 3600, 3700, 3800, 3900 आदि
6000 रुपये वाले नंबर : 0033, 0044, 0055, 0066, 0088, 1133, 1144, 1155, 1166, 1177, 1188, 1199, 1881, 2211,2233, 2244, 2255, 2266, 2277, 3311, 3322, 6336, 7227, 9786, 9988 आदि
3000 रुपये वाले नंबर : 0054, 0060, 0072, 1919, 2626, 2828, 3131, 34343838, 3939, 4242, 4343, 4646, 5656, 8383, 8484, 8686, 8787, 8989, 9292, 9494, 9797, 9898 आदि