वीआईपी गेस्ट हाउस में भीषण आग, पत्नी सहित बचे विधायक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हजरतगंज के डालीबाग क्षेत्र में स्थित वीआईपी गेस्ट हाउस के रूम नंबर 102 में सोमवार की देर रात भीषण आग लग गई। पत्नी समेत कमरे में मौजूद पूर्व विधायक किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों की मदद से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि इस दौरान कमरे में खिड़की-दरवाजे तक जलकर खाक हो चुके थे।
कानपुर के घाटमपुर से बसपा के पूर्व विधायक व भाजपा के नेता महेश वाल्मीकि सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस का इलाज करवाने के लिये सोमवार की शाम को ही पत्नी अनीता वाल्मीकि के साथ लखनऊ आये थे।
यहां वह वीआईपी गेस्ट हाउस के रूम नंबर 102 में ठहरे हुये थे। रात खाना खाने के बाद पति-पत्नी सो चुके थे। इसी दौरान कमरे में आग लग गई और पूरा कमरा धुएं से भर गया।
धुएं की वजह से पूर्व विधायक महेश वाल्मीकि लगभग बेहोशी की हालत में पहुंच चुके थे। हालांकि उनकी पत्नी अनीता होश में थीं और उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। किसी तरह से उन्होंने महेश वाल्मीकि को उठाया और फिर दोनों कमरे से बाहर निकल सके।
एसी में शार्ट सर्किट से लगी आग
इसके बाद दोनों ने वीआईपी गेस्ट हाउस के कर्मचारियों को आग लगने की सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की छह गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के दस्ते में मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल दिया। तब तक आग की लपटों ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया था।
लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सके। इस दौरान वीआईपी गेस्ट हाउस में अफरातफरी मची रही। आग से कमरे में पंखे, दरवाजे, फॉल सीलिंग, बेड, आलमारी, कुर्सी मेज, कारपेट के साथ-साथ पूर्व विधायक महेश वाल्मीकि का सामान तक जलकर खाक हो चुका था। आग की वजह से तीन से चार लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के बाद घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शुरुआती जांच-पड़ताल में यह बात प्रकाश में आई कि विंडो एसी में शार्ट सर्किट की वजह से ही आग लगी थी।
एसी में आग लगने के बाद लकड़ी की खिड़की और पर्दे सुलगते रहे और धुआं कमरे में भर गया। एसी में शार्टसर्किट की वजह से रूम की वायरिंग भी जल गई थी, जिससे आग तेजी से फैली।
पोर्च में रातभर टहलते रहे वीआईपी
वीआईपी गेस्ट हाउस में कहने के लिये फायर फाइटिंग के सारे जरूरी उपकरण मौजूद हैं लेकिन ऐन वक्त पर सभी उपकरण शो-पीस बनकर टंगे रहे। आग लगने के बाद वीआईपी गेस्ट हाउस के कर्मचारियों ने इन उपकरणों का इस्तेमाल करने की भी जरूरत नहीं समझी।
सभी लोग दमकल कर्मियों के आने का इंतजार करते रहे। बताया जा रहा है कि वहां लगे फायर फायर फाइटर खराब पड़े हुये हैं।
वीआईपी गेस्ट हाउस के सभी कमरों में फायर अलार्म लगे हुये हैं। हालांकि इनमें से एक भी अलार्म काम नहीं करता है। सुबह दमकल कर्मियों ने जांच-पड़ताल की तो पता चला कि यह अलार्म कई साल से मेंटिनेंस के अभाव में खराब पड़े हैं। वहीं वीआईपी कर्मचारी इस संबंध में कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं।
वीआईपी गेस्ट में आग लगने की वजह से बिजली काट दी गई थी। आग लगने के बाद कर्मचारियों ने सभी कमरों में रुके लोगों को बाहर निकलने के लिये कह दिया। वीआईपी गेस्ट हाउस में सोमवार की रात कई माननीय और विभिन्न पार्टिंयों के वरिष्ठ नेता भी टिके हुये थे।
वह रात भर गैलरी और पोर्च में टहलते रहे। सुबह जब स्थिति सामान्य हुई तो वह अपने-अपने कमरों में जाकर सुकून से सो पाये।