तालाब से मिट्टी निकाल रहे ग्रामीण के हाथ लगी जेवरात से भरी मटकी, घर ले जाने पर आए बुरे सपने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीन दिन पहले तालाब में मिट्टी निकाल रहे ग्रामीण को एक मटकी मिल गई। इस मटकी को जब बाहर निकालकर खोला गया तो उसमें जेवरात निकले। इसके बाद ग्रामीण इसे लेकर घर चला गया दो दिन तक घर में ही मटकी रखे रहने के बाद उसे बुधवार रात में एक डरावना सपना आया तो बृहस्पतिवार को उस मटकी व उसमें रखे जेवरात को लेकर गांव के बाहर बने मंदिर में पहुंचा और वहां पूजा पाठ करने लगा।
इसके बाद मौके पर काफी ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों में चर्चा है कि मटकी में करीब तीन किलो सोने व चांदी के जेवरात है। इसके बाद पहुंची तहसील व पुलिस की टीम ने जांच की है। हालांकि, एसडीएम ने कहा, इन जेवरात को गांव में ही रखवाकर इसकी जांच पुरातत्व विभाग से कराई जाएगी।
घुंघटेर थाना क्षेत्र के दक्खिन मजरे सैंदर गांव के ही निवासी लल्लाराम यादव ने बताया कि सोमवार की सुबह गांव के बाहर स्थिति तालाब मे घर के लिए मिट्टी निकालने गया था। जहां तालाब मे मिट्टी निकालते समय उसे एक मटकी मिली। मटकी लेकर वह अपने घर आ गया और जब घर पर मटकी खोल कर देखा तो उसमें जेवरात निकले। इसके बाद वह उसे घर में ही रखे रहा।
इस बीच बुधवार रात उसे एक सपना आया जिसके बाद वह डर गया। लल्लाराम ने बृहस्पतिवार को मटकी सहित जेवारत गांव के बाहर स्थित माता जी के मंदिर मे रख दिया और वहीं पर वह पूजा पाठ करने लगा। देखते ही देखते गांव मे खबर फैल गई की तालाब में मिली मटकी में खजाना निकला है। जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
पुलिस ने अपने कब्जे में ले जिए जेवरात
इसी बीच जानकारी होने पर घुंघटेर पुलिस मौके पर पहुंची और मटकी सहित सभी जेवरात को कब्जे मे ले लिया। थानध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि मटके में मात्र चार चांदी के सिक्का व कुछ पीतल व तांबे का सामान मिला है। फिलहाल सामान को सुरक्षित कर मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।
एसडीएम फतेहपुर रामनरायन का कहना है कि एक तालाब में मिली मटकी में कुछ चांदी के सिक्के व छतरी नुमा वस्तु और तांबे की रॉड जैसी वस्तुएं मिली हैं। इनकी जांच पुरातत्व विभाग की टीम को बुलाकर कराई जाएगी। फिलहाल मटकी को मंदिर के पुजारी की सुर्पुदगी में रखवाया गया है।
सीओ फतेहपुर अरविंद वर्मा ने कहा, घुंघटेर थाना क्षेत्र के दखिनपुरवा मजरे सैंदर गांव में तालाब से निकली एक मटकी में कुछ चांदी के सिक्के व कुछ वस्तुएं मिली हैं। जिनको मंदिर के पुजारी लल्ला राम को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।