पिता की गुहार, बेटे को भारत बुला लो वरना बना देंगे आईएस आतंकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दुबई गए एक युवक के आतंकी संगठन आईएसआईएस में शामिल होने का दबाव डालने का मामला सामने आया है। युवक के पिता ने एसएसपी समेत कोतवाल को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
मामले में दुबई भेजने वाले एजेंट पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने एजेंट के घर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला है। शनिवार को दोनों पक्षों को बीकापुर पूराकलंदर थाने बुला पुलिस सच्चाई सामने लाने की बात कर रही है।
शुक्रवार को नंदरौली निवासी मो. अरशद ने पूराकलंदर के भदोखर निवासी कथित एजेंट आवेश उर्फ मलहू पर लगाया है कि उसके पुत्र मो. साबिक को खेत गिरवी रखकर 70 हजार रुपये दिया था। एजेंट ने बेटे को 17 नवंबर 15 को दुबई भेजा था लेकिन दुबई में आज तक उसे नौकरी नहीं मिली है।
अब उसे वहां पर कुछ लोगों द्वारा ईरान भेजने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। जहां आतंकी संगठन आईएसआईएस में उसे शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
इसकी सूचना उसे बेटे के माध्यम से मिली है। पिता का कहना है कि मेरे पुत्र को ईरान भेजा जा चुका है, जबकि वह अपने वतन लौटना चाहता है। मामले में अब एजेंट आवेश कुछ भी नहीं बता रहा है।
टूरिस्ट वीजा देकर फंसाया
पीड़ित अरशद ने मामले में बीकापुर कोतवाली को लिखित शिकायत देने के बाद एसएसपी मोहित गुप्ता से मिलकर भी फरियाद की है। एसएसपी के निर्देश पर मामला पूराकलंदर का होने के कारण शिकायत वहां भेज दी गई है।
पूराकलंदर पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। बताते हैं कि युवक को टूरिस्ट वीजा देकर फंसाया गया है। चर्चा है कि इस समय विदेश भेजने के नाम पर कुछ एजेंटों द्वारा आईएसआईएस जैसे आतंकी संगठन में बेरोजगार युवकों को टूरिस्ट वीजा पर भेजकर उनका मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है।
पीड़ित अरशद ने भी इसी तरह की बात कहते हुए बताया है कि एसएसपी से मिलकर अपने पुत्र को सकुशल वापस मंगवाने की फरियाद की है। पूराकलंदर एसओ सुभाषचंद सरोज ने बताया कि एसएसपी स्तर से भी मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
आरोपी एजेंट को बुलाने पुलिस भेजी गई थी, वह नहीं मिला है। घर वालों को हिदायत दे दी गई है कि शनिवार को थाने भेज दें। शनिवार को दोनों पक्षों को बैठाकर मामले की पड़ताल की जाएगी। साथ ही विदेश गए युवक से भी बातचीत करने की कोशिश होगी। यदि आरोप सही पाया गया तो सख्त कार्रवाई होगी।