लखनऊ: कैंसर की पहचान के नए तरीकों पर होगा मंथन, एसजीपीजीआई में आज से जुटेंगे देश-विदेश के एक हजार विशेषज्ञ
लखनऊ में 20 से 23 नवंबर तक आयोजित इंडियन एकेडमी ऑफ साइटोलॉजिस्ट्स के 56वें वार्षिक सम्मेलन साइटोकॉन-2026 में देश भर के विशेषज्ञ शामिल होंगे। आयोजन में अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, पोलैंड, क्रोएशिया, रूस और कुवैत के दस अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के अलावा 80 से अधिक राष्ट्रीय विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
कैंसर की शुरुआती और सटीक पहचान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक मॉलिक्यूलर तकनीकों के इस्तेमाल पर एसजीपीजीआई में विशेषज्ञ मंथन करेंगे। 20 से 23 नवंबर तक आयोजित इंडियन एकेडमी ऑफ साइटोलॉजिस्ट्स के 56वें वार्षिक सम्मेलन साइटोकॉन-2026 में देश-विदेश के करीब एक हजार विशेषज्ञ शामिल होंगे।
एसजीपीजीआई के श्रुति सभागार में होने वाले सम्मेलन की थीम 'नेक्स्ट जेन साइटोलॉजी : एआई, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स एंड क्लीनिकल रेलेवेंस' है। इसमें अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, पोलैंड, क्रोएशिया, रूस और कुवैत के दस अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के अलावा 80 से अधिक राष्ट्रीय विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। कैंसर की शुरुआती पहचान, नई जांच विधियों और उनके क्लीनिकल उपयोग पर चर्चा होगी।
थायरॉइड से फेफड़ों के कैंसर तक पर होगी चर्चा: 20 नवंबर को प्री-कॉन्फ्रेंस सीएमई में मॉलिक्यूलर साइटोपैथोलॉजी और प्रिसिजन डायग्नोसिस पर चर्चा होगी। इसमें थायरॉइड, स्तन, सर्विक्स, फेफड़े, अंडाशय और लार ग्रंथि के ट्यूमर की पहचान में मॉलिक्यूलर मार्कर के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। 21 और 22 नवंबर को व्याख्यान, पैनल चर्चा, क्विज और शोधपत्र सत्र होंगे। टाटा मेमोरियल अस्पताल मुंबई के डॉ. भरत रेखी और डॉ. पीएन वाही व क्रोएशिया की डॉ. दानिजेला व्रदोलजाक मोजेटिक विशेष व्याख्यान देंगे।
छह कार्यशालाओं में सीखेंगे नई तकनीक: 23 नवंबर को छह हँड्स-ऑन कार्यशालाएं होंगी। इनमें सर्वाइकल और लिक्विड बेस्ड साइटोलॉजी, मॉलिक्यूलर तकनीक, सेल ब्लॉक, आईसीसी-फिश, थायरॉइड, लार ग्रंथि और इफ्यूजन साइटोलॉजी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। आयोजन सचिव प्रो. राम नवल राव के मुताबिक, सम्मेलन युवा पैथोलॉजिस्ट को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से सीखने का अवसर देगा।
गंभीर बीमारी की सटीक पहचान और बेहतर इलाज की आधुनिक तकनीक साझा करेंगे विशेषज्ञ
गंभीर मरीजों में बीमारी की जल्द और सटीक पहचान कर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर केजीएमयू में देश-विदेश के विशेषज्ञ मंथन करेंगे। इसके लिए 20 से 22 नवंबर तक तीसरा राष्ट्रीय प्रिसिजन मेडिसिन एंड इंटेंसिव केयर कॉन्फ्रेंस (पीएमआइसी-2026) आयोजित होगा।
इसका शुभारंभ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे। कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद विशिष्ट अतिथि होंगी। सर गंगाराम अस्पताल, नई दिल्ली के डॉ. बीके राव और टाटा मेमोरियल अस्पताल, मुंबई की प्रो. शीला नैनन मायत्रा समेत कई विशेषज्ञ नई उपचार पद्धतियों पर विचार रखेंगे।
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण केजीएमयू की प्रिसिजन मेडिसिन यूनिट को उत्तर प्रदेश में एक्यूट केयर के क्षेत्र में उत्कृष्टता केंद्र के रूप में मान्यता मिलना है। यहां मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स, जीन संबंधी जांच और आधुनिक तकनीकों से बीमारी की सटीक पहचान कर मरीज की जरूरत के मुताबिक इलाज किया जाएगा। साथ ही शोध, प्रशिक्षण और जांच सुविधाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
पांच कार्यशालाओं में मिलेगा प्रशिक्षण: केजीएमयू के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग और सोसाइटी ऑफ प्रिसिजन मेडिसिन एंड इंटेंसिव केयर भारत की ओर से आयोजित सम्मेलन से पहले 20 नवंबर को पांच कार्यशालाएं होंगी। इनमें वेंटिलेटर संचालन, बेडसाइड अल्ट्रासाउंड, आईसीयू में मरीजों की देखभाल और इमरजेंसी व ट्रॉमा उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। नर्सिंग कार्यशाला में करीब 400 नर्सिंगकर्मी संक्रमण नियंत्रण, वेंटिलेटर निगरानी और गंभीर मरीजों की देखभाल के तरीके सीखेंगे।
