यूपी: 20 जिलों में रात का पारा 15 डिग्री से नीचे, दो दिनों में मौसम ने लिया यू-टर्न; ये जिला रहा सबसे ठंडा
यूपी के मौसम में सर्दी ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिन के साथ रात के तापमान में कमी महसूस होगी।
विस्तार
पहाड़ों से आ रही ठंडी पछुआ हवाओं के असर से उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है। मंगलवार को प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। बीते दो दिनों में अधिकांश जिलों के तापमान में चार से पांच डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। इससे सुबह और शाम ठंड का अहसास बढ़ गया है। हालांकि, दिन और रात का तापमान अब मिड-नवंबर के सामान्य स्तर के आसपास पहुंच गया है। मंगलवार सुबह ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में हल्का से मध्यम कोहरा रहा। कहीं भी घना कोहरा नहीं छाया।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन दिन मौसम और तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद बंगाल की खाड़ी में बने नए चक्रवात मकवान के असर से प्रदेश में हवाओं का रुख बदलकर पुरवा हो जाएगा। इससे तापमान में फाैरी ताैर पर करीब तीन डिग्री सेल्सियस की दोबारा बढ़त आ सकती है।
मंगलवार को 25.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ नजीबाबाद में सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं 11.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ बरेली में सबसे ठंडी रात रही।
दो दिन में पांच डिग्री गिरा रात का पारा, पछुआ से बढ़ी ठंड
राजधानी में चल रही ठंडी पछुआ हवाओं से सुबह और शाम ठंड का अहसास बढ़ गया है। बीते 48 घंटे में रात के तापमान में 5.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, मंगलवार को हवा की रफ्तार धीमी होने से दिन में धूप के तेवर कुछ तीखे रहे। सुबह हवा में नमी कम रहने से कोहरा भी कम हुआ।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन दिन राजधानी के मौसम और तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद हवाओं का रुख बदलकर पुरवा हो जाएगा। इससे तापमान में फाैरी ताैर पर करीब दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री की गिरावट के साथ 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान भी 4.3 डिग्री की गिरावट के साथ 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
बिगड़ी हवा भी सुधरी
रविवार से मंगलवार के बीच यूं गिरा रात का पारा
रविवार - 18.4 डिग्री सेल्सियस
सोमवार - 17.5 डिग्री सेल्सियस
मंगलवार- 13.2 डिग्री सेल्सियस
