नगर निकायों की बदहाल व्यवस्था को पटरी पर लाने की कवायद शुरू, जिले में भेजे गए अफसर
बदहाल नगर निकायों की व्यवस्था को पटरी पर लाने की कवायद के तहत सरकार ने शासन स्तर पर बैठे अधिकारियों को भी जमीन पर उतार दिया है। रविवार से ही मुख्यालयों में तैनात अधिकारियों को जिलों में जाकर एक सप्ताह तक जमीनी हकीकत का ब्यौरा जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ये अधिकारी शहरी क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था, सड़कों के गड्ढा मुक्ति अभियान, पार्कों के सौंदर्यीकरण, निराश्रित पशुओं के लिए गौशाला निर्माण और निकायों में रिक्त पदों की संख्या आदि का ब्यौरा जुटाएंगे। साथ ही बरसात के दौरान पौधरोपण के लक्ष्य को पूरा करने के संबंध में की गई तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे। ये अधिकारी 30 जून तक जिलों में रहकर निकायों की पूरी कार्यप्रणाली को खंगालेंगे।
प्रमुख सचिव नगर विकास मनोज कुमार सिंह की ओर से जारी दिशा-निर्देश के मुताबिक निदेशक सूडा उमेश प्रताप सिंह के अलावा विशेष सचिव अनिल कुमार बाजपेई, राजीव वर्मा, उप निदेशक स्थानीय निकाय राजेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी समेत शासन स्तर पर तैनात नगर विकास विभाग के कई उप सचिव व अनु सचिवों की भी जिले में ड्यूटी लगाई गई है। इनके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना(शहरी), अमृत योजना समेत अन्य योजनाओं के राज्य स्तरीय अधिकारियों को भी विभिन्न जिलों में भेजा गया है।
इन अधिकारियों को शासन स्तर पर 7 बिंदुओं पर समीक्षा करनी है। इनकी समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर ही नगर निकायों की व्यवस्था में सुधार करने का कार्यक्रम तैयार किया जाएगा। इन अधिकारियों को 30 जून तक आवंटित जिलों के नगर निकायों का दौरा करके सभी बिंदुओं पर ब्यौरा जुटाना है। एक अधिकारी को कम से कम दो नगर निकायों के बारे में समीक्षा रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन 7 बिंदुओं पर तैयार की जाएगी रिपोर्ट
- नगर निकायों में केंद्रीयत सेवा के स्वीकृत पद, रिक्त पद, भरे पद और अधिकारियों की तैनाती की अवधि।
- योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए मिले धन और व्यय राशि का ब्यौरा।
- सफाई व्यवस्था, पिंक, सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों के निर्माण की प्रगति और ओडीएफ वार्डों की संख्या
- पार्कों के सौंदर्यीकरण, चाहरदीवारी की निर्माण स्थिति, शौचालय, पेयजल, मनोरंजन के साधन की स्थिति।
- पौधरोपण के लिए निर्धारित लक्ष्य और अब तक की तैयारियों की स्थिति।
- सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लक्ष्य और प्रगति की स्थिति।
- कान्हा गौशाला और बेसहारा पशु आश्रय योजना के तहत गौशालाओं के निर्माण की स्थिति।