यूपी में आज से किसानों की कर्जमाफी का आगाज, गृहमंत्री देंगे 7500 किसानों को प्रमाण पत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही कर्जमाफी का इंतजार कर रहे किसानों का सपना अब साकार होने जा रहा है। योगी सरकार लघु-सीमांत किसानों के लिए ‘फसल ऋण मोचन योजना’ की शुरुआत बृहस्पतिवार को राजधानी लखनऊ से करने जा रही है।
यहां मुख्यमंत्री की मौजूदगी में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह स्मृति उपवन में 7500 किसानों को कर्जमाफी का प्रमाण पत्र सौंपेंगे। इन किसानों का करीब 45 करोड़ रुपये का कर्ज माफ होगा।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बुधवार को बताया कि सरकार ने वादे के मुताबिक किसानों का एक लाख रुपये तक का फसली ऋण माफ करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। बृहस्पतिवार को गृहमंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के हाथों पहले चरण में चिह्नित किए गए किसानों को कर्ज माफी का प्रमाणपत्र दिलाकर योजना की शुरुआत की जाएगी।
योजना का लाभ पाने के लायक अभी तक 27.50 लाख किसान चिह्नित किए गए हैं। कृषि मंत्री ने ऋण मोचन योजना में शामिल होने के लिए पात्रता के दायरे में आने वाले किसानों से अपील की है कि वह जल्द से जल्द अपना आधार कार्ड लिंक करा लें, ताकि वेरिफिकेशन में उनको शामिल किया जा सके।
प्रभारी मंत्री 5 से अपने जिलों में बांटेंगे प्रमाण पत्र
कृषि मंत्री ने बताया कि जिलों में प्रभारी मंत्री और जिलाधिकारी की निगरानी में पात्र किसानों को कर्ज माफी का प्रमाण पत्र दिया जाएगा। सभी मंत्री 5 सितंबर से अपने-अपने जिलों में प्रमाण पत्र बांटेंगे।
पहले चरण में करीब 27.50 लाख किसानों के दस्तावेजों की स्क्रूटनी कर ली गई है। इनके सभी कागजात पूरे हैं। बाकी को भी औपचारिकताएं पूरी करने का मौका दिया गया है।
फिलहाल प्रदेश में 66.50 लाख पात्र
कृषि मंत्री ने बताया कि कर्ज माफी के लिए पात्र किसानों की संख्या एक अनुमान के मुताबिक 85 लाख बताई जा रही है, लेकिन एनआईसी द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक फिलहाल कर्ज माफी के लिए तय मानक के दायरे में आने वाले किसानों की संख्या 66.50 लाख के करीब है। यह संख्या घट-बढ़ सकती है, क्योंकि पात्र किसानों को चिह्नित करने का काम अभी चल रहा है।