यूपी: ग्राइंडर डेटिंग ऐप से दोस्ती कर युवक को बुलाया, फिर चलती कार में पांच किमी तक पीटा, छीने सारे पैसे
लखनऊ में ग्राइंडर ऐप पर हुई दोस्ती युवक के लिए भारी पड़ गई। मिलने के बहाने बुलाकर चार युवकों ने उसे कार से अगवा किया और मारपीट कर रुपये व मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने एक युवक और किशोर को पकड़ लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
विस्तार
लखनऊ में डालीगंज के अंबेडकरनगर निवासी प्राइवेट कंपनी कर्मी शशांत कुमार से ग्राइंडर डेटिंग ऐप पर दोस्ती कर चार युवकों ने मिलने के बहाने बुलाया। वह चंदन अस्पताल के पास आरोपियों से मिलने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें कार से अगवा कर लिया और मारपीट कर 20,300 रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। बीबीडी पुलिस ने इस मामले में एक युवक व एक किशोर को पकड़ा है। अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह ने बताया कि शशांत कुमार ने ग्राइंडर ऐप पर प्रोफाइल बनाई थी। ऐप पर उनकी एक युवक से दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों के बीच चैटिंग होने लगी। पीड़ित के अनुसार, कई दिनों की बातचीत के बाद मंगलवार को आरोपी युवक से मुलाकात तय हुई और उसे चंदन अस्पताल के पास बुलाया गया। शशांत तय समय पर आरोपी युवक से मिलने पहुंचे। कुछ देर बातचीत के बाद आरोपी युवक के तीन साथी कार से वहां पहुंचे और शशांत को कार से अगवा कर ले गए।
5.5 किलोमीटर तक मारपीट, रुपये व मोबाइल लूटा
आरोपी कार सवार युवक शशांत को अगवा कर साढ़े पांच किलोमीटर दूर बीबीडी के टेराखास इलाके में ले गए। चलती कार में आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने जबरन उनके खाते से 18,800 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके अलावा 1,500 रुपये नकद और मोबाइल फोन छीन लिया। इस बीच बीबीडी पुलिस की एक टीम गश्त करते हुए वहां से गुजरी तो शशांत ने मदद के लिए शोर मचा दिया।
पुलिस ने मौके से एक आरोपी को पकड़ा
इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित का शोर सुनकर पुलिस मदद के लिए पहुंची तो तीन आरोपी वहां से भाग गए, जबकि एक युवक को मौके से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम इंदिरानगर निवासी साहिल बताया। पुलिस ने पीड़ित शशांत की तहरीर पर अपहरण और मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर साहिल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल 17 वर्षीय किशोर को भी पकड़ लिया। वारदात में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह है ग्राइंडर ऐप
ग्राइंडर एलजीबीटीक्यू समुदाय के लिए सोशल नेटवर्किंग और डेटिंग ऐप है। यह लोगों को आसपास के लोगों से मिलने और बातचीत करने में मदद करता है। इसका इस्तेमाल खासकर समलैंगिक और ट्रांसजेंडर लोग करते हैं। ऐप का इस्तेमाल मुफ्त में भी किया जा सकता है।