UP: राजनाथ सिंह की पहल पर लखनऊ में 33 एकड़ पर वॉर म्यूजियम और कन्वेंशन सेंटर बनेगा, दो साल में होगा तैयार
लखनऊ के गोमतीनगर में 33.97 एकड़ जमीन पर युद्ध संग्रहालय और विश्वस्तरीय सम्मेलन केंद्र विकसित किया जाएगा। करीब 125 करोड़ रुपये की परियोजना में संग्रहालय, सम्मेलन केंद्र, हरित क्षेत्र और व्यावसायिक भूखंड शामिल होंगे। सेना भूमि उपलब्ध कराएगी और लखनऊ विकास प्राधिकरण निर्माण करेगा। परियोजना दो वर्षों में पूरी होने की योजना है।
विस्तार
गोमतीनगर की नेहरू एन्क्लेव कॉलोनी के पास खाली जमीन पर सेना का वार म्यूजियम व विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर बनेगा। इससे लखनऊ को रक्षा विरासत, सैन्य इतिहास व पर्यटन क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। यह शहर में आधुनिक सम्मेलन सुविधाओं का प्रमुख केंद्र भी बनेगा। परियोजना का विकास लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की पहल पर एलडीए ने इसका प्रस्ताव तैयार कराया है। परियोजना के निर्माण के लिए सेना अपने भौतिक कब्जे वाली 33.97 एकड़ भूमि एलडीए को हस्तांतरित करेगी। इसमें 12.87 एकड़ क्षेत्रफल में एलडीए वार म्यूजियम व कन्वेंशन सेंटर बनेगा जबकि 14 एकड़ भूमि ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित की जाएगी। शेष 7.10 एकड़ भूमि पर व्यावसायिक एवं मिश्रित उपयोग के भूखंड विकसित किए जाएंगे जिसे बेचकर म्यूजियम व कन्वेंशन सेंटर के निर्माण का खर्च निकाला जाएगा।
दो वर्ष में बनकर होगा तैयार
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को शासन स्तर पर हुई बैठक में एलडीए के प्रस्ताव पर सहमति प्राप्त हुई है। सेना से औपचारिक सहमति मिलने पर दो वर्ष के अंदर एलडीए वार म्यूजियम एवं कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कराएगा। परिसर का संचालन भी एलडीए करेगा।