1500 करोड़ मिलेंगे तो ही यूपी को मिलेगा साफ पानी
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर यूपी के हर गांव को 2022 तक शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए प्रतिवर्ष 1500 करोड़ रुपये देने की मांग की है।
मुख्यमंत्री ने इस सिलसिले में पहले के पत्रों का हवाला देते हुए लिखा है कि राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल जैसी योजना के धन में कटौती करना जनहित में नहीं होगा।
यह भी कहा है कि सांसद आदर्श ग्राम योजना में चयनित गांवों में भी शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए केंद्र सरकार की मदद जरूरी है। केंद्रीय अंश में परिवर्तन से प्रदेश में ग्रामीण पेयजल योजना का क्रियान्वयन करना संभव नहीं हो पा रहा है।
पहले भी केंद्र से की है धन की मांग
शुक्रवार को भेजे गए पत्र में 8 मई 2015 तथा 21 अगस्त 2015 के पत्रों का हवाला देते हुए लिखा है कि प्रदेश ने पहले भी केंद्र से इस सिलसिले में धन की मांग की थी। पर, अभी तक इस सिलसिले में कोई सहायता नहीं मुहैया कराई गई है।
यह भी लिखा है कि 2015-16 में बीते वित्तीय वर्ष 2014-15 की तुलना में पेयजल की मद में सिर्फ 25 प्रतिशत बजट का प्रावधान करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
पत्र में यह भी लिखा है कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश को केंद्र से पिछले वर्ष की तुलना में सिर्फ एक चौथाई राशि ही अभी प्राप्त हुई है।