फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UP T20 League: Veterans show their mettle, youngsters shine bright.

यूपी टी-20 लीग : दिग्गजों ने दिखाया दम, युवाओं ने बिखेरी चमक

Tue, 08 Sep 2026 02:11 AM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Tue, 08 Sep 2026 02:11 AM IST
विज्ञापन
UP T20 League: Veterans show their mettle, youngsters shine bright.
अनुराग बाजपेईलखनऊ। 24 दिन, 34 मुकाबले और रोमांच से भरा क्रिकेट का सफर... यूपी टी-20 लीग का चौथा संस्करण बीती रविवार रात मेरठ मावरिक्स के चैंपियन बनने के साथ समाप्त हो गया। प्रदेश की छह टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग में जहां अनुभवी सितारों ने अपने हुनर का लोहा मनवाया, वहीं युवाओं ने यह संकेत दे दिया कि उनके कंधों पर बड़ी जिम्मेदारियां संभालने की पूरी काबिलियत है। टी-20 के मैदान पर इस बार अनुभव का पलड़ा जरूर भारी रहा।
विज्ञापन

मेरठ मावरिक्स के जीशान अंसारी, काशी रुद्रास के करन शर्मा और कानपुर सुपरस्टार्स के समीर रिजवी ने अपने प्रदर्शन से छाप छोड़ी। वहीं रिंकू सिंह और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी नामों की मौजूदगी ने लीग का रोमांच और बढ़ाया। लेकिन इन दिग्गजों के बीच युवा प्रतिभाओं ने भी खूब तालियां बटोरीं।
विज्ञापन

तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह ने 11 मैचों में 24 विकेट लेकर गेंदबाजी में दूसरा स्थान हासिल किया। बल्लेबाजी में आदर्श सिंह ने नौ मैचों में 286 रन बनाकर अपनी क्षमता दिखाई। युवाओं में सबसे खास नाम लखनऊ फॉल्कंस के अजीत वर्मा का रहा। ट्रायल के आधार पर टीम में जगह बनाने वाले अजीत ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। वह लखनऊ की बल्लेबाजी की रीढ़ बनकर उभरे और 12 मैचों में 302 रन बनाकर शीर्ष पांच बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर रहे। उनका बल्लेबाजी औसत 33.56 और स्ट्राइक रेट 126.36 रहा। लखनऊ के ही हिमांशु सिंह ने भी अपनी टीम को ठोस शुरुआत दिलाई। उन्होंने आठ मैचों में 155 रन बनाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

इसलिए लीग रही खास
पहली बार यूपी टी-20 लीग का आयोजन दो शहरों (लखनऊ के इकाना स्टेडियम और कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम) में किया गया। इसके अंतर्गत 26 मैच इकाना स्टेडियम और आठ मैच ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले गए।
लीग के चारों संस्करणों के फाइनल मुकाबले में पहुंचने वाली मेरठ मावरिक्स सबसे ज्यादा 50 मैच खेलने वाली पहली टीम बनी। टीम को इसमें 34 में जीत और 14 में हार मिली, जबकि दो मुकाबले बिना नतीजे के समाप्त हुए।
लीग में पहली बार 18 आईपीएल खेल चुके खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें भुवनेश्वर कुमार, रिंकू सिंह, स्वास्तिक चिकारा, समीर रिजवी, प्रशांत वीर, विप्रज निगम, प्रियम गर्ग, आर्यन जुयाल, जीशान अंसारी, कार्तिक त्यागी, नमन तिवारी, करन शर्मा, अभिनंदन सिंह, मोहसिन खान, विशाल निषाद, रवि सिंह, उपेंद्र यादव, कर्ण शर्मा शामिल रहे।
ग्रीनपार्क में मैच कराना बड़ी गलती
कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम के जीर्णोद्धार से ठीक पहले यहां बारिश के मौसम में यूपी टी-20 लीग के मुकाबले आयोजित करवाना बड़ी गलती साबित हुई। इससे न सिर्फ पैसों की बर्बादी हुई, बल्कि खिलाड़ियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश के मौसम के बीच ग्रीनपार्क में मैच करवाने में आयोजकों का पसीना निकल गया। पूर्व नियत कार्यक्रम के अनुसार यहां फाइनल समेत कुल 12 मुकाबले खेले जाने थे, लेकिन खराब आउटफील्ड और असमतल उछाल वाली पिच ने खिलाड़ियों के बीच डर
पैदा कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार कई टीमों ने ग्रीनपार्क में मैच कराने पर नाराजगी भी जताई। आखिरकार आयोजकों ने मामले की नजाकत को समझा और तीन प्लेऑफ और फाइनल मैच इकाना स्टेडियम में शिफ्ट कर दिया गया। ग्रीनपार्क में खेले गए आठ में से दो मुकाबले बारिश के चलते स्थगित करने पड़े, जबकि इकाना स्टेडियम में खेले गए सभी मुकाबलों में परिणाम आए।

इस बारे में यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि कानपुर में मैच कराना हमारी योजना थी लेकिन बारिश से वहां का सारा मामला खराब हो गया। ग्रीनपार्क के ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर करने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। ऐसे में खेल के हित में कानपुर से मुकाबले लखनऊ में शिफ्ट करने का फैसला किया।
यूपी टी-20 लीग-4 में बने नए रिकॉर्ड
सबसे तेज शतक- दिव्यांश जोशी (मेरठ मावरिक्स- 37 गेंद)
सबसे तेज गेंद- कार्तिक त्यागी (मेरठ मावरिक्स- 154.2 किमी)
सबसे अच्छा स्पेल- नमन तिवारी (नोएडा किंग्स- 4-0-13-6)
सबसे महंगा ओवर- कार्तिक त्यागी (मेरठ मावरिक्स- 32 रन)
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed