यूपी: चक्रवाती बारिश के चपेट में प्रदेश, तापमान ने लगाया गोता, आठ डिग्री गिरा पारा; 69 जिलों में चेतावनी
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। लखनऊ समेत कई जिलों में जलभराव की स्थिति बनी है। मौसम विभाग ने आठ जिलों में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। कई अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात की भी चेतावनी है।
विस्तार
बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसम तंत्र के पश्चिमी विक्षोभ से इंटरेक्शन के बाद उत्तर प्रदेश में बारिश के तेवर और तीखे हो गए हैं। नेपाल सीमा से लगे तराई और पूर्वांचल के कई इलाकों में बीते 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है और कई इलाकों में मौसम में नरमी आने से ठंडक का एहसास घुल गया।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को प्रदेश में बारिश का दायरा और व्यापक होगा। कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा के आसार हैं। नेपाल सीमा से लगे तराई क्षेत्र में बारिश का सबसे ज्यादा असर रहने की संभावना है। बारिश के चलते प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है और यह सामान्य से नीचे पहुंच गया है।
मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन आठ जिलों और आसपास के क्षेत्रों में रेड अलर्ट है। वहीं, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा पूर्वांचल, मध्य और पश्चिमी यूपी के बड़े हिस्से में बारिश की संभावना है।
इन जिलों में रेड अलर्ट
श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, कासगंज, मैनपुरी, इटावा और औरैया।
गरज-चमक, वज्रपात व तेज हवा का अलर्ट
59 जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका है। इनमें कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, लखनऊ, मेरठ, बरेली, रामपुर आदि शामिल हैं।इन जिलों में हवा 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है और झोंकों में 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।