यूपी पुलिस को इस माह मिलेंगे 21 हजार सिपाही, 16 दिसंबर को होगी पासिंग आउट परेड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में जनवरी 2018 में 41,520 पदों पर निकली सिपाही सीधी भर्ती का पहला बैच दिसंबर में फील्ड में आ जाएगा। नागरिक पुलिस के 23,520 पदों में से लगभग 21 हजार सिपाहियों का छह माह का प्रशिक्षण 16 दिसंबर को पासिंग आउट परेड के साथ पूरा हो जाएगा।
लखनऊ और सीतापुर में प्रशिक्षण पाने वाली लगभग 600 महिला सिपाहियों की पासिंग आउट परेड लखनऊ में होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। सीआरपीएफ के अमेठी स्थित प्रशिक्षण केंद्र पर प्रशिक्षण पाने वाले रंगरूटों की परेड 17 या 18 दिसंबर को कराई जाएगी। इस परेड की सलामी लेने मुख्यमंत्री अमेठी जा सकते हैं।
जनवरी 2018 में निकली भर्ती के लगभग 21 हजार सिपाहियों का 6 माह का प्रशिक्षण प्रदेश के अलावा केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों के कुल 94 प्रशिक्षण केंद्रों पर कराया गया है। इसके बाद 22 से 30 नवंबर के बीच लिखित परीक्षा कराई। 1 से 15 दिसंबर तक आउट डोर प्रशिक्षण कराया जाएगा और फिर 16 को पासिंग आउट परेड कराई जाएगी।
इसके बाद इन सिपाहियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए जिलों में भेज दिया जाएगा। इसमें संतरी की ड्यूटी, मुंशी, कोर्ट मुहर्रिर, थाने की बीट रिर्पोटिंग और कानून व्यवस्था व धरना प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्यपद्धति का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अब तक का सबसे अच्छा बैच
एडीजी प्रशिक्षण डॉ. संजय एम तरडे बताते हैं कि इस बार प्रशिक्षण में कई चीजें पहली बार शामिल की गई हैं। इस लिहाज से यह बैच अब तक का सबसे अच्छा बैच माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहली बार लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम के तहत 17 लेक्चर लखनऊ से ‘वर्चुअल क्लास’ के रूप में सभी प्रशिक्षण केंद्रों पर एक साथ आयोजित किए गए। इसमें फारेंसिक साइंस, साइबर क्राइम, सोशल मीडिया, सीसीटीएनएस, फर्स्ट एड की क्लास शामिल थी।
पीएसी के 18 हजार सिपाहियों का प्रशिक्षण 24 से
तरडे ने बताया कि नागरिक पुलिस का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद पीएसी के 17,962 पदों के लिए प्रशिक्षण 24 दिसंबर से शुरू होगा। इन सिपाहियों का प्रशिक्षण यूपी के ही प्रशिक्षण केंद्रों पर कराया जाएगा। इसके लिए कुल 72 केंद्र बनाए गए हैं।