यूपी: लखनऊ में एकमुश्त भुगतान करने वालों को पहले आवंटित होंगे भूखंड, जानिए एलडीए की नई स्कीम
लखनऊ विकास प्राधिकरण की नैमिष नगर और वरुण विहार आवासीय योजनाओं में एकमुश्त भुगतान करने वाले आवेदकों को भूखंड आवंटन में वरीयता मिलेगी। भुगतान की अवधि के अनुसार चार से छह प्रतिशत तक छूट दी जाएगी। दोनों योजनाओं में हजारों भूखंड उपलब्ध हैं और आवेदन 24 अक्तूबर तक किए जा सकेंगे।
विस्तार
एलडीए की सीतापुर रोड स्थित नैमिष नगर और आगरा एक्सप्रेसवे स्थित वरुण विहार आवासीय योजनाओं में एकमुश्त पूरा भुगतान करने वालों को एलडीए भूखंड पहले आवंटित करेगा। आवेदन में इसका विकल्प चुनना होगा। बृहस्पतिवार शाम को लॉन्च हुई दोनों योजनाओं में भूखंड के लिए शुक्रवार तक तीन हजार से अधिक फॉर्म बिक गए। इनमें से 540 लोगों ने पंजीकरण राशि भी जमा कर दी।
एलडीए ने एकमुश्त भुगतान के तीन विकल्प दिए हैं। 45 दिन में पूरा पैसा जमा करने पर छह प्रतिशत, 60 दिन में पूरा पैसा जमा करने पर पांच प्रतिशत और 90 दिन में पूरा पैसा जमा करने पर चार प्रतिशत छूट मिलेगी। जो आवेदक एकमुश्त पैसा जमा करने का विकल्प चुनेंगे उन्हें भूखंड आवंटन में वरीयता मिलेगी। एलडीए इनकी लॉटरी पहले निकालेगा। जो आवेदक एकमुश्त भुगतान का विकल्प नहीं चुनेंगे उनकी लॉटरी बाकी के साथ डाली जाएगी।
एलडीए के अधिकारी ने बताया कि एकमुश्त का विकल्प चुनने वालों को भूखंड मिलना लगभग पक्का हो जाएगा। अधिकारी ने बताया कि वैसे भी ज्यादातर लोग भूखंड के लिए बैंक से कर्ज लेते हैं। ऐसे में जो लोग फाइनेंस कराकर पूरा पैसा तय अवधि में जमा कर देंगे उन्हें लॉटरी में वरीयता मिल जाएगी।
नैमिष नगर योजना, सीतापुर रोड
72 वर्गमीटर के 197 भूखंड
112.5 वर्गमीटर के 524 भूखंड
162 वर्गमीटर के 520 भूखंड
200 वर्गमीटर के 299 भूखंड
288 वर्गमीटर के 103 भूखंड
450 वर्गमीटर के 30 भूखंड
वरुण विहार योजना, आगरा एक्सप्रेसवे के पास
112.5 वर्गमीटर के 1517 भूखंड
162 वर्गमीटर के 460 भूखंड
200 वर्गमीटर के 612 भूखंड
288 वर्गमीटर के 68 भूखंड
300 वर्गमीटर के 81 भूखंड
450 वर्गमीटर के 109 भूखंड
ये भी जानिए
- एलडीए की वेबसाइट registration.ldalucknow.in पर होगा पंजीकरण।
- 24 अक्तूबर तक आवेदन होंगे।
- नैमिष नगर योजना में जमीन का रेट 3800 रुपये प्रति वर्गफीट।
- वरुण विहार योजना में जमीन का रेट 2800 रुपये प्रति वर्गफीट।
- नैमिष नगर में पंजीकरण के लिए खोले गए भूखंडों की संख्या 1673
- वरुण विहार में पंजीकरण के लिए खोले गए भूखंड की संख्या 2847
- पंजीकरण की राशि सामान्य वर्ग के लिए भूखंड की कीमत की पांच प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के लिए ढाई प्रतिशत।
नवंबर में लॉन्च होगी आईटी, वेलनेस और वशिष्ठपुरम योजना
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि सुल्तानपुर रोड स्थित आईटी सिटी, वेलनेस सिटी और आगरा एक्सप्रेसवे के पास स्थित एलडीए की वशिष्ठपुरम आवासीय योजना नवंबर में लॉन्च हो सकती है। प्राधिकरण इसकी तैयारी कर रहा है। आईटी और वेलनेस सिटी योजना में एलडीए लैंडपूलिंग से जमीन ले रहा है। करीब दो महीने पहले मंजूर हुई वशिष्ठपुरम योजना में जमीन सहमति के आधार पर खरीदी जा रही है।