यूपी: जम्मू में अपनी गृहस्थी को छोड़कर जल्दबाजी में लौट रहे हैं लोग, भरी आ रही हैं ट्रेनों की बोगियां
Trains from jammu to Lucknow: पाकिस्तान के साथ चल रहे तनाव के बीच जम्मू और कश्मीर में काम कर रहे यूपी के लोगों के लौटने का क्रम तेज हो गया है। वहां से आ रहीं गाड़ियां खचाखच भरी हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू कश्मीर पर पाकिस्तान के हमले के बाद वहां से आने वाली ट्रेनों में चार गुना भीड़ बढ़ गई है। परिवार और खुद की जिंदगी बचाने के लिए लोग गृहस्थी छोड़कर वापस हो रहे हैं। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड व अन्य राज्यों के नागरिकों की संख्या ज्यादा है।
कोलकाता जम्मू एक्सप्रेस शनिवार शाम लखनऊ पहुंची। यहां सामान्य बोगी तो छोड़िए आरक्षित बोगी में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। यात्रियों ने बताया कि भयावह मंजर के बीच कंपनी मालिक ने 250 से अधिक लोगों को नौकरी से निकाल दिया है। इस वजह से भी ज्यादातर लोग अपने घर लौट रहे हैं।
सुभाष, अनिल और सुजीत झारखंड निवासी हैं। अमर उजाला से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर स्थित कठुआ की एक फैक्टरी में नौकरी करते हैं। पर्यटकों पर हुए हमले के बाद से ही शहर में तनावपूर्ण स्थिति है। पाकिस्तान की ओर से हुए हमले के बाद स्थिति और दयनीय हो गई। चारों ओर डर का माहौल, लोग डरे सहमे नजर आए। स्थिति ऐसी है कि अब काम छोड़कर ज्यादातर लोग घर वापस हो रहे हैं।
पुंछ में एक निजी कंपनी में काम करने वाले अतुल ने बताया कि तनाव के बाद दवा कंपनी मालिक ने 250 से अधिक लोगों को सुरक्षा की वजह से नौकरी से कुछ समय के लिए निकाल दिया है। इस वजह से ज्यादातर लोग अपने-अपने प्रदेश जा रहे हैं। लखनऊ निवासी ज्योति, शिवम यादव, शिवा यादव, साक्षी एक ही परिवार के हैं। उन्होंने बताया कि छुट्टी मनाने जम्मू-कश्मीर गए थे लेकिन, वहां की भयावह स्थिति के बाद वापस होना पड़ा। जहां रुके हुए थे, वहां से कुछ ही दूरी पर 100 से अधिक ड्रोन से हमला किए गए।
जम्मू से वापस होते ही हुए भावुक
गोमतीनगर का एक परिवार शनिवार को जम्मू कश्मीर से वापस हुआ। सियालदह एक्सप्रेस से देर शाम चारबाग स्टेशन पहुंचे। अपने परिजनों को देखकर रेखा, अंशिका और मोहित भावुक हो गए। परिवार से गले मिले। इसके बाद वहां की स्थिति के बारे में पूछा। शुक्र है सही सलामत घर वापस हो गए हैं।
दो दिन में जैसे पूरा शहर हो गया खाली...
पाकिस्तान की ओर से जम्मू कश्मीर के जिन क्षेत्रों में हमला किया गया, वहां अब भी भय का माहौल है। बिहार जा रहे शकील ने बताया कि पुंछ में जहां हमला हुआ वहां आसपास में बहुत कंपनी हैं। वहां ज्यादातर लोग बाहर के रहते हैं। हमले के दो दिनों के अंदर ही मानों पूरा शहर खाली हो गया है। बीते दिनों जब स्टेशन पहुंचे तो देखा कि ट्रेन में पैर रखने तक की जगह नहीं है। ज्यादातर लोग अपने परिवार के साथ गांव वापस हो रहे हैं।