यूपी: मौनी अमावस्या पर ट्रेनों में नो रूम की हालत, लखनऊ से प्रयाग के फ्लाइट रेट दस हजार के ऊपर पहुंचे
Train for Mahakumbh: मौनी अमावस्या पर लखनऊ और उसके आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में भक्त महाकुंभ जाएंगे। इसको देखते हुए ट्रेनों में टिकट कम पड़ रही हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मौनी अमावस्या पर शाही स्नान के लिए लखनऊ से बड़ी संख्या में श्रद्घालु प्रयागराज जाएंगे। ऐसे में ट्रेनों की स्लीपर बोगियां फुल हो गई हैं तथा एसी में लंबी वेटिंग चल रही है। वहीं सीधी उड़ान सेवाओं के टिकट 10742 रुपये तक पहुंच गया है। ऐसे में 185 रोडवेज बसों से श्रद्घालुओं को राहत मिलेगी। हालांकि, बस अड्डों व रेलवे स्टेशनों पर मंगलवार को बंपर भीड़ रहेगी।
29 जनवरी को मौनी अमावस्या है। शाही स्नान होने के चलते प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में हजारों की तादात में श्रद्घालु लखनऊ से प्रयागराज जाएंगे। मौनी अमावस्या पर स्नान के लिए जाने वाले श्रद्घालु मंगलवार से ही रवाना होने शुरू हो जाएंगे। लखनऊ से प्रयाराज जाने वाली ट्रेनों से यात्रियों को राहत मिलती नहीं दिख रही है। इसकी वजह यह है कि भीड़ अधिक होने के चलते स्लीपर की सीटें फुल हो गई हैं और थर्ड, सेकेंड व फर्स्ट एसी में वेटिंग चल रही है। जिससे यात्रियों के पास जनरल बोगी में सफर करने की मजबूरी पैदा हो गई है।
28 को रात 11 बजे चारबाग से रवाना होने वाली बरेली प्रयागराज एक्सप्रेस की स्लीपर फुल है। थर्ड एसी में 95 व सेकेंड में 43 वेटिंग चल रही है। ऐसे ही नौचंदी एक्सप्रेस सुबह 5.10 बजे चारबाग से रवाना होगी। ट्रेन की स्लीपर में सीट नहीं है। थर्ड एसी में 35 व फर्स्ट में सात वेटिंग चल रही है। लखनऊ प्रयागराज इंटरसिटी सुबह 7.35 बजे चारबाग से चलती है। ट्रेन की चेयरकार में सौ वेटिंग है। गंगा गोमती एक्सप्रेस शाम सवा छह चारबाग से बजे चलती है। इसकी चेयरकार में 87 वेटिंग है। योगनगरी ऋषिकेश प्रयागराज एक्सप्रेस में सभी श्रेणियों में सीटें फुल हैं। त्रिवेणी एक्सप्रेस निरस्त चल रही है।
तत्काल से यात्री निराश, बैरंग लौटे
मंगलवार को लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में कन्फर्म सीटों की बुकिंग के लिए सोमवार को तत्काल कोटे में यात्रियों ने प्रयास किया। स्लीपर व एसी बोगियों में 229 सीटें रिक्त थीं। लेकिन सुबह कोटा खुलते ही वेटिंग शुरू हो गया। यात्रियों को बैरंग लौटना पड़ा। उनके हाथ वेटिंग टिकट ही लगे।
185 रोडवेज बसों के सहारे यात्री
ट्रेनों में सीटें फुल होने के कारण यात्रियों को रोडवेज की बसों से राहत की उम्मीद है। कमता, आलमबाग, कैसरबाग व चारबाग बस अड्डों से कुल 185 बसों का संचालन हो रहा है। हालांकि, भीड़ अधिक होने के कारण यात्रियों को एक-एक सीट के लिए खासी मशक्कत करनी होगी। अतिरिक्त समय लेकर घर से बस अड्डों के लिए निकलना होगा।
33693 रुपये पहुंचा कनेक्टिंग उड़ानों का किराया
लखनऊ से प्रयागराज जाने के लिए एक सीधी उड़ान है। इसके अतिरिक्त कनेक्टिंग उड़ानें हैं, जिनका किराया 33693 रुपये तक पहुंच गया है। 28 जनवरी को दोपहर करीब ढाई बजे अमौसी से प्रयागराज के लिए रवाना होने वाली डायरेक्ट फ्लाइट 6ई-7935 के टिकट 10742 रुपये में बिक रहे हैं। वहीं एयर इंडिया की कनेक्टिंग उड़ान एआई-412 का किराया 20869 रुपये में है। दिल्ली के रास्ते प्रयागराज जाने वाली कनेक्टिंग उड़ानों का किराया 33693 रुपये पहुंच गया है।