फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UP: Minimum temperature in the capital sets record, warnings issued regarding bathing and morning walks; flig

UP: राजधानी में न्यूनतम पारे ने बनाया रिकॉर्ड, नहाने-मार्निंग वॉक को लेकर दी गई हिदायत; बेपटरी हुई विमान सेवा

Sun, 18 Jan 2026 10:57 AM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: रोहित मिश्र Updated Sun, 18 Jan 2026 10:57 AM IST
सार

Weather in UP: यूपी की राजधानी में बेशक कुछ दिनों से धूप निकल रही है। लेकिन रात में आसमान साफ होने से न्यूनतम पारा खिसककर काफी नीचे आ गया है। 

विज्ञापन
UP: Minimum temperature in the capital sets record, warnings issued regarding bathing and morning walks; flig
लखनऊ में भीषण सर्दी। - फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

शुक्रवार की रात हैरान कर देने वाली गलन और कोहरे ने पारे को भी दुबकने के लिए मजबूर किया। शनिवार को बीती रात का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो इस सीजन में लखनऊ में दर्ज किया गया सबसे कम तापमान है। तापमान में कमी का असर सुबह तक महसूस किया गया। सुबह करीब 9:30 बजे तक शहर घने कोहरे की चादर से ढका नजर आया। 10 बजे के बाद धूप के दर्शन हो सके।
विज्ञापन


शनिवार सुबह घने कोहरे की वजह से सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हुआ। तीखी गलन और ठिठुरन की वजह से लोग गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। शहर में जगह-जगह लोग अलाव तापते देखे गए। बिना किसी जरूरी काम के लोगों से घर न निकलना ही रहना मुनासिब समझा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार की सुबह भी घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में अब थोड़ा सुधार होगा और पारे में क्रमिक बढ़ोतरी के संकेत हैं।
विज्ञापन


मां-बच्चों की रही सांसत
ठंड और गलन से सबसे ज्यादा सांसत बच्चों और उनकी माताओं की रही। सुबह स्कूल जाने के लिए जहां बच्चों को कड़ाके की ठंड में जल्दी उठना पड़ा वहीं बच्चों का बैग व टिफिन तैयार करने के लिए मम्मियों को भी ठिठुरना पड़ा। जो खुद बच्चों को स्कूल तक छोड़ने जाते हैं, ऐसे पिता भी ठंड में घर से निकलने का मजबूर हुए। डॉक्टरों के अनुसार सुबह ठंडे पानी से नहाने से बचें। साथ ही तापमान सामान्य होने तक मार्निंग वॉक करने वाले इसे एवायड कर सकते हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

 

पश्चिमी विक्षोभ से मिलेगी थोड़ी राहत

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 4.4 डिग्री तापमान के साथ इस सीजन में शुक्रवार की रात लखनऊ की सबसे ठंडी रात रही। राहत की बात ये है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। इससे अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री की वृद्धि के आसार हैं। 20 जनवरी से कोहरे में भी कमी आने के आसार हैं।

इस सीजन में कुछ इस तरह पारा

4.4 डिग्री सेल्सियस -- 17 जनवरी को
5.5 डिग्री सेल्सियस -- 15 जनवरी को
5.6 डिग्री सेल्सियस -- 13 जनवरी को
5.8 डिग्री सेल्सियस -- 16 जनवरी को
6.0 डिग्री सेल्सियस -- 04 जनवरी को

दो दिनों बाद चढ़ना शुरू होगा पारा

UP: Minimum temperature in the capital sets record, warnings issued regarding bathing and morning walks; flig
लखनऊ में छाया कोहरा और ठिठुरते लोग।

मौसम में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में शनिवार सुबह घने कोहरे का असर रहा लेकिन धूप निकलने के साथ ही मौसम खुशगवार होता गया। शाम से एक बार फिर ठंड का असर बढ़ने लगा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को सुबह घने कोहरे का अलर्ट है, साथ ही न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के भी आसार हैं। दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी यूपी में 22 जनवरी से बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। 20 जनवरी से कोहरे के असर में कमी के आसार हैं। शनिवार को बाराबंकी सबसे ठंडा जिला रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरे नंबर पर हरदोई में 3.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। राजधानी लखनऊ में सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री रहा।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले कुछ दिनों से रात के तापमान में हो रही गिरावट थमने के साथ ही इसमें आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसके परिणामस्वरूप पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से रात में जारी शीतलहर समाप्त होती नजर आई। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के हरदोई, बाराबंकी और बलिया में शुक्रवार रात शीतलहर की स्थिति रही। इसी क्रम में 4.4 डिग्री तापमान के साथ इस सीजन में शुक्रवार को लखनऊ की सबसे ठंडी रात रही। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री की संभावित क्रमिक वृद्धि के आसार हैं।

हवा में चक्कर लगाने के बाद तीन उड़ानें दिल्ली डायवर्ट, पांच निरस्त

घने कोहरे ने शनिवार को लखनऊ में हवाई और रेल यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया। दृश्यता शून्य होने के कारण यूएई, रियाद और मुंबई से आने वाली तीन महत्वपूर्ण उड़ानें दिल्ली डायवर्ट करनी पड़ीं, जबकि पांच उड़ानें रद्द कर दी गईं और लगभग 30 उड़ानें देरी से चलीं। इसी के साथ, तेजस और शताब्दी जैसी वीआईपी ट्रेनों सहित 45 ट्रेनें भी कोहरे की मार झेलती रहीं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

आसमान में लगाए आठ से ज्यादा चक्कर
शनिवार को कोहरे के कारण विमानन सेवाओं में भारी व्यवधान उत्पन्न हुआ। रसअलखैमाह (यूएई) से आने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-125, मुंबई से आने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-1026, और रियाद से आने वाली फ्लाइनास की उड़ान एक्सवाई-333 को शून्य दृश्यता के कारण लखनऊ में उतरने की अनुमति नहीं मिली। इन विमानों ने एयरपोर्ट के ऊपर आसमान में आठ से ज्यादा चक्कर काटे, लेकिन अंततः उन्हें दिल्ली के लिए डायवर्ट कर दिया गया। चंडीगढ़, अहमदाबाद और दिल्ली से आने वाली इंडिगो की उड़ानें, साथ ही लखनऊ से दिल्ली और अहमदाबाद जाने वाली दो उड़ानें भी रद्द कर दी गईं। दुबई, झारसुगुड़ा और मुंबई से आने वाली कई अन्य उड़ानें भी घंटों की देरी से पहुंचीं।

वीआईपी ट्रेनों पर कोहरे का असर

घने कोहरे ने वीआईपी ट्रेनों के समय-सारणी को भी अस्त-व्यस्त कर दिया। नई दिल्ली से आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से पहुंची, जिसके कारण लखनऊ से इसका प्रस्थान भी दो घंटे विलंबित हुआ। लखनऊ से दिल्ली जाने वाली तेजस एक्सप्रेस पांच घंटे लेट रही। इसके अतिरिक्त, गोमती एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, अवध आसाम एक्सप्रेस और गरीब रथ एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें भी तीन से सात घंते की देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed