यूपी: मायावती ने महिला आरक्षण का किया स्वागत, बोलीं- एससी-एसटी महिलाओं को भी मिले अलग आरक्षण
बसपा प्रमुख मायावती ने महिला आरक्षण के फैसले का स्वागत करते हुए अनुसूचित जाति और जनजाति की महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की मांग की। उन्होंने परिसीमन के दौरान सीटों के निर्धारण में गड़बड़ी की आशंका जताई और केंद्र सरकार से पार्टी हित से ऊपर उठकर देशहित में निर्णय लेने की अपील की।
विस्तार
बसपा प्रमुख मायावती ने महिला आरक्षण से जुड़े केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने मांग की है कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के भीतर अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था की जानी चाहिए। मायावती ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि इससे सदियों से शोषित, पीड़ित और उपेक्षित महिलाओं को राजनीति में उचित भागीदारी का अवसर मिल सकेगा।
1. जैसाकि यह सर्वविदित है कि परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के अति-मानवतावादी, कल्याणकारी व समतामूलक संविधान की पवित्र मंशाओं/उद्देश्यों आदि के प्रति सदा ही निष्ठावान एवं ईमानदार रहने के नाते बी.एस.पी. शुरू से ही देश में सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा सहित उन्हें राजनीति में भी उचित आदर/अवसर दिये जाने की ज़बरदस्त पक्षधर रही है और इसीलिये देश की लोकसभा व राज्यों की विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण को जल्द से जल्द लागू करने की माँग लगातार करती रही है तथा इस बारे में केन्द्र सरकार के ताज़ा फैसले का स्वागत भी करती है। 2. किन्तु अच्छा बल्कि ऐतिहासिक होता अगर सदियों से शोषित-पीड़ित व उपेक्षित रहीं ख़ासकर एससी व एसटी समाज की महिलाओं को इसी में ही अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था कर दी जाती, ताकि संकीर्ण, जातिवादी, धन व बाहुबल आदि से ग्रसित यहाँ की चुनावी राजनीति में उन्हें भी सही से भाग लेकर थोड़ा आगे बढ़ने का मौक़ा मिल जाता तो यह निश्चय ही देश व जनहित की बेहतर बात होती। इस पर केन्द्र सरकार अभी भी सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ले तो यह ज़रूर ही उचित व न्यायपूर्ण भी होगा। 3. वैसे देश की लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभा में मौजूदा सीट संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि आदि से सम्बंधित तीन विधेयकों तथा तत्सम्बंधी परिसीमन निर्धारण करने के दौरान में सीटों की सीमा तय करने में गड़बड़ी करके राजनीतिक व चुनावी स्वार्थ की पूर्ति करने का आरोप कोई नई बात नहीं है। 4. वास्तव में जो भी पार्टी केन्द्र की सत्ता में रहती है वह ऐसे अधिकतर मामलों में देश व जनहित की परवाह कम तथा पार्टी हित/स्वार्थ को अधिक महत्व देती है, जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है। 5. ऐसे में देश में सर्वसमाज के लोग अच्छी सरकार के लिये, बिना किसी धर्म, जाति व क्षेत्रीयता आदि की भावना में बहे हुये तथा बिना किसी लुभावने वादे, दावे व घोषणाओं आदि के छलावा में आये हुये, अच्छे लोगों को ही चुनने का संकल्प लें तो यह यहाँ देश के लोकतंत्र एवं संविधान की सुरक्षा और सम्मान में असली गारण्टी होगी, जिसके लिये बी.एस.पी. तत्पर है।
— Mayawati (@Mayawati) November 28, 2026विज्ञापन
मायावती ने कहा कि बसपा शुरू से ही सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और राजनीति में उचित अवसर की पक्षधर रही है। पार्टी लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जल्द लागू करने की मांग करती रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के समतामूलक संविधान की भावना के अनुरूप महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
एससी-एसटी महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की मांग
बसपा प्रमुख ने कहा कि महिला आरक्षण में एससी और एसटी समाज की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था होती तो यह ऐतिहासिक कदम होता। उनके मुताबिक, जातिवाद, धनबल और बाहुबल से प्रभावित चुनावी राजनीति में इन वर्गों की महिलाओं को भी आगे बढ़ने और उचित भागीदारी का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की।
परिसीमन में गड़बड़ी की आशंका जताई
मायावती ने लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि से जुड़े तीन विधेयकों और परिसीमन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सीटों की सीमा तय करने के दौरान गड़बड़ी कर राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ साधने के आरोप नई बात नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टियां कई मामलों में देश और जनहित से ज्यादा पार्टी हित को महत्व देती हैं। मायावती ने लोगों से अपील की कि वे धर्म, जाति और क्षेत्रीयता से ऊपर उठकर तथा लुभावने वादों और घोषणाओं के प्रभाव में आए बिना अच्छे लोगों को चुनने का संकल्प लें। उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा व सम्मान की असली गारंटी बताया।
