UP: लखनऊ में बड़ा हादसा, 'बचपन डे केयर' सेंटर का गेट गिरने से मासूम की मौत; मां चादर बिछाकर लाश लेकर बैठी
लखनऊ के निशातगंज स्थित एक डे केयर सेंटर में मुख्य गेट गिरने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चा छुट्टियां बिताने ननिहाल आया था। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
राजधानी के निशातगंज स्थिति बचपन डे केयर सेंटर परिसर का शनिवार को मुख्य गेट गिर जाने से एक मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। बहराइच से गर्मियों की छुट्टियां बिताने आठ वर्षीय शिवा कश्यप बच्चा अपनी नानी मीना देवी के घर आया था।
बच्चे के मामा राहुल ने बताया शनिवार को सुबह करीब 9 बजे शिवा गेट के पास खेल रहा था, तभी अचानक गेट टूट कर गिर गया और उसमें शिवा की दबकर मौत हो गई। मामा ने बताया कि जब तक लोग पहुंचकर गेट उठाते तब तक काफी देर हो चुकी थी।
लोग बोले- हादसा अधिकारियों की लापरवाही से हुआ
बच्चे को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया। बच्चे के ननिहाल पक्ष के लोगों ने कहा कि ये घटना अधिकारियों की लापरवाही से हुई। नाराज परिजन सेंटर के गेट पर ही शव रखकर धरना देने बैठ गए। बच्चे की मां ललिता देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।
इस मौके पर बचपन डे केयर संस्था के अधिकारियो ने बात करने से मना कर दिया है। वहीं, मौके पर पहुंची महानगर पुलिस ने घटना की स्थिति का ज्याजा लेते हुए बच्चे का शव कब्जे में लेने का प्रयास किया तो परिजन नाराज हो गए।
गेट पर धरना जारी है। बचपन डे केयर सेंटर में काम कर रहे कर्मचारियों का कहना कि अभी हाल ही में भवन का रंग रोगन हुआ था और गेट की पुताई भी हुई थी, वहीं सूत्रों ने बताया कि यहां नया गेट लगा था। लेकिन, पुराने गेट पर ही पेट चढ़ा दिया गया और नए गेट का बजट पास कर लिया गया। यदि नया गेट लगता तो शायद यह बच्चा हादसे का शिकार नहीं होता।