यूपी: शंख एयरलाइंस के ऑफिस पर आयकर विभाग का सर्वे, श्रवण विश्वकर्मा से पूछताछ; इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस खंगाले
लखनऊ में गोमतीनगर विस्तार स्थित शंख एयरलाइंस के कार्यालय पर आयकर विभाग ने सर्वे शुरू किया। टीम कंपनी के मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, दस्तावेज और बैंक खातों की जानकारी जांची जा रही है। कार्रवाई के कारणों को लेकर विभाग ने अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
विस्तार
लखनऊ में गोमतीनगर विस्तार के वरदान खंड स्थित शंख एयरलाइंस के कार्यालय पर शुक्रवार को आयकर विभाग की टीम ने सर्वे शुरू किया। आयकर विभाग के कई अधिकारी एक साथ संख टावर पहुंचे और कंपनी के तीन मंजिला कार्यालय में जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है।
सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की टीम कंपनी के मालिक श्रवण विश्वकर्मा से भी पूछताछ कर रही है। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों से कंपनी के कारोबार और वित्तीय लेन-देन से संबंधित जानकारी ली जा रही है। टीम ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लिए हैं और कार्यालय में मौजूद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है।
आयकर विभाग की टीम कंपनी से जुड़े दस्तावेजों और बैंक खातों की जानकारी भी खंगाल रही है। अधिकारियों की ओर से कंपनी की आय के स्रोत, वित्तीय लेन-देन और निवेश से संबंधित जानकारियां जुटाई जा रही हैं। टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि कंपनी का कारोबार किस तरह संचालित किया जा रहा है और विभिन्न स्थानों पर कितना निवेश किया गया है।
कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। आयकर विभाग की कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि कंपनी से जुड़ी आयकर संबंधी अनियमितताओं की जांच के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अभी तक सर्वे की वजह और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.